रुद्रप्रयाग।
केदारनाथ धाम में आज बृहस्पतिवार सुबह को बर्फबारी से बाबा केदार की नगरी बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई। बर्फबारी के अद्भुत नजारे को देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कोई बर्फ से ढके धाम के नजारे को कैमरे में कैद करता दिखा, तो कोई सेल्फी लेकर इस खूबसूरत पल को यादगार बनाता रहा। हालांकि, बर्फबारी के साथ ही धाम में ठंड भी बढ़ गई है। वहीं, जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला रहा। जिला मुख्यालय समेत उखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं। ऐसे में कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बर्फबारी और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। धाम में मौसम के इस बदले रूप के बीच बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की आवाजाही जारी है।
यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। बुधवार को धाम में 8,376 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 18,53,032 हो गई है। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी है।









