October 29, 2026 12:39 am

BREAKING NEWS

कैंसर से जंग जीत चुके मरीजों की देखभाल पर फोकस, छत्तीसगढ़ में 49 डॉक्टरों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ में कैंसर देखभाल सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और ECHO India ने संयुक्त पहल की है। इसके तहत चिकित्सा अधिकारियों के लिए Cancer Survivorship CCB ECHO Program का प्री-लॉन्च एवं ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 49 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से कैंसर का उपचार पूरा कर चुके मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

कैंसर का उपचार पूरा होने के बाद भी मरीजों को नियमित फॉलो-अप, उपचार के दुष्प्रभावों के प्रबंधन, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता और पुनर्वास की जरूरत होती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके माध्यम से चिकित्सा अधिकारियों को कैंसर सर्वाइवरशिप केयर के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि मरीजों को उपचार के बाद भी समग्र देखभाल और उचित मार्गदर्शन मिल सके।

कार्यक्रम में NP-NCD के उप संचालक डॉ. संजीव मेश्राम राज्य सलाहकार सुश्री अभिलाषा शर्मा उपस्थित रहीं। दोनों अधिकारियों ने कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान, उपचार के बाद मरीजों की देखभाल तथा नियमित फॉलो-अप के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर के उपचार के बाद भी मरीजों को निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं और समग्र देखभाल उपलब्ध कराना जरूरी है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में कैंसर देखभाल सेवाओं को और सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

CHIP Foundation की ओर से डॉ. शेखर गोवर्धन ने रिसोर्स पर्सन के रूप में योगदान दिया। संस्था इस कार्यक्रम के शैक्षणिक केंद्र (Academic Hub) के रूप में सहयोग कर रही है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आठ मॉड्यूल पर आधारित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से चिकित्सा अधिकारियों की क्षमता विकसित की जाएगी, ताकि वे कैंसर से उबर चुके मरीजों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझकर उन्हें नियमित निगरानी, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और उचित मार्गदर्शन प्रदान कर सकें।

ECHO India की ओर से डॉ. संदीप भल्ला (उपाध्यक्ष-प्रोजेक्ट्स), सुश्री अनिला गोस्वामी (उप महाप्रबंधक-प्रोजेक्ट्स) एवं डॉ. करण राय (वरिष्ठ महाप्रबंधक-मॉनिटरिंग, इवैल्यूएशन एवं रिसर्च) ने कार्यक्रम में सहभागिता की। छत्तीसगढ़ में इस पहल को सफलतापूर्वक शुरू करने में मार्गदर्शन और सहयोग के लिए डॉ. संदीप भल्ला एवं सुश्री अनिला गोस्वामी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

यह पहल राज्य में कैंसर से उबर चुके मरीजों के लिए उपचार के बाद की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा उन्हें निरंतर और समग्र देखभाल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!