खाद वितरण व्यवस्था में सुधार से किसानों को मिली राहत, आधुनिक कृषि तकनीकों से बढ़ रहा भरोसा

रायपुर, 16 जुलाई 2026

राज्य शासन द्वारा किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर प्रदेश के किसानों के बीच दिखाई दे रहा है। खाद वितरण व्यवस्था में सुधार, सुगम उपलब्धता और नैनो उर्वरकों के उपयोग को लेकर किसानों में विश्वास बढ़ा है। सरगुजा जिले के ग्राम बाकीपुर के प्रगतिशील किसान श्री रवींद्र प्रताप सिंह ने खाद वितरण प्रणाली में किए गए सुधारों तथा नैनो उर्वरकों के उपयोग को खेती के लिए लाभकारी बताते हुए शासन की पहल की सराहना की है।

श्री रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खरीफ सीजन की तैयारी के दौरान उन्हें समिति से डीएपी एवं यूरिया आसानी से उपलब्ध हो गया। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाद वितरण व्यवस्था में किए गए सुधारों से अब उर्वरक प्राप्त करने की प्रक्रिया अधिक सरल और व्यवस्थित हो गई है। इससे किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है तथा कृषि कार्य समय पर संपादित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वे लगभग 40 से 50 एकड़ कृषि भूमि में धान, दलहन एवं तिलहन की खेती करते हैं। समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरकों की उपलब्धता से बुवाई और फसल प्रबंधन के कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।

प्रगतिशील किसान श्री सिंह ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया का उपयोग कर रहे हैं। उनके अनुसार नैनो उर्वरक पौधों तक पोषक तत्वों को अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाते हैं, जिससे फसलों की वृद्धि बेहतर होती है और उत्पादन में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं। साथ ही इनका भंडारण और परिवहन भी आसान होने से किसानों के समय, श्रम और लागत की बचत होती है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार नैनो उर्वरकों का वैज्ञानिक एवं संतुलित उपयोग पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता बढ़ाने, खेती की लागत कम करने तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी उद्देश्य से कृषि विभाग किसानों को प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है।

श्री रवींद्र प्रताप सिंह ने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के साथ नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया जैसी आधुनिक तकनीकों को भी अपनाएं, ताकि कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके। उन्होंने किसानों की सुविधा के अनुरूप खाद वितरण व्यवस्था में किए गए सुधारों और कृषि हितैषी प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज्य सरकार किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन प्रयासों से खेती को अधिक लाभकारी, उत्पादक और किसान-केंद्रित बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!