
चित्रकूट जनपद के कर्वी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोनेपुर इलाके में स्थित जीवन रेखा अस्पताल में डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला को जिला अस्पताल से रेफर कर यहां भर्ती कराया गया था।
परिजनों के अनुसार, डिलीवरी के दौरान अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ ने सही जानकारी देने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी। कुछ देर बाद महिला की मौत की सूचना दी गई। वहीं, जन्मे नवजात शिशु का कोई स्पष्ट पता नहीं चल पा रहा है, जिससे परिजनों में आक्रोश और बढ़ गया।
घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल की महिला स्टाफ पास में संचालित एक कथित अवैध सिटी अल्ट्रासाउंड सेंटर में जाकर छिप गई। वहीं अस्पताल का संचालक और अन्य स्टाफ मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और शहर कोतवाली कर्वी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। प्रशासन द्वारा अस्पताल की जांच शुरू कर दी गई है तथा जल्द ही सीलिंग की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और नवजात शिशु कहां है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल की वैधता, व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय प्रक्रियाओं की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।









