March 10, 2026 11:32 am

चिरमिरी-मनेंद्रगढ़ साजा पहाड़ सड़क चौड़ीकरण कार्य का भूमिपूजन, 4056.64 लाख की लागत से बनेगी 17.40 किमी सड़क

CG News :चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के बीच वर्षों से लंबित पड़ी बहुप्रतीक्षित साजा पहाड़ सड़क चौड़ीकरण परियोजना को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। 21 जून को केराडोल पोड़ी, चिरमिरी में इस ऐतिहासिक सड़क कार्य का भूमिपूजन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर निगम, जनपद, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही।

 

इस परियोजना के अंतर्गत मनेंद्रगढ़ लोक निर्माण विभाग संभाग द्वारा 4056.64 लाख रुपये की लागत से 17.40 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण और उन्नयन किया जाएगा। कार्यक्रम में लोगों ने जमकर उत्साह और उम्मीद जताई। चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ की जनता पिछले दो दशक से इस मार्ग के समुचित निर्माण की मांग कर रही थी, जो अब जाकर पूरी होने की दिशा में अग्रसर हुई है।

 

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि विधायक के पूर्ववर्ती कार्यकाल में इस मार्ग पर डामरीकरण कार्य की शुरुआत की गई थी, लेकिन सत्ता परिवर्तन के चलते चौड़ीकरण कार्य रुक गया। कांग्रेस शासनकाल में इस मांग को उपेक्षित किया गया, मगर भाजपा सरकार के दोबारा सत्ता में आने और उनके पुनः विधायक बनने के बाद इस अधूरी योजना को फिर प्राथमिकता में लाया गया। अब डबल लेन में बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को नई दिशा देगी।

 

इस मार्ग के निर्माण से चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के बीच यात्रा सुगम हो जाएगी। अब लोगों को छोटा नागपुर होकर 36 किमी की कठिन दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही दर्जनों गांवों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। व्यापारी वर्ग भी खासा उत्साहित है क्योंकि इससे माल परिवहन में समय और लागत दोनों की बचत होगी।

 

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, जिला महामंत्री राम लखन सिंह, विधायक प्रतिनिधि राजू नाहक, एसडीएम विजयेन्द्र सिंह सारथी समेत अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। नागरिकों ने मंत्री जायसवाल का आभार प्रकट किया और उम्मीद जताई कि यह सड़क उनके जीवन में विकास की नई लकीर खींचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13379/ 46

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?