भारतीय रेलवे ने आनंदपुर ट्रस्ट में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने दिल्ली सराय रोहिल्ला और अशोकनगर के बीच स्पेशल ट्रेन 04004/04003 को चलाने का निर्णय लिया है।
भारतीय रेलवे ने यात्रियों और श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सराय रोहिल्ला और अशोकनगर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे ने आनंदपुर ट्रस्ट में श्री 108 गुरु महाराज के 100वें जन्मदिवस पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली सराय रोहिल्ला और अशोकनगर के बीच एक-एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन नंबर 04004 दिल्ली सराय रोहिल्ला से रवाना होगी जबकि ट्रेन नंबर 04003 अशोकनगर चलकर दिल्ली पहुंचेगी।
एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं आनंदपुर ट्रस्ट में आयोजित श्री 108 गुरु महाराज के 100वें जन्मदिवस के मौके पर भारतीय रेलवे की ओर से दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर और अशोकनगर से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
लगाए जाएंगे 24 कोच
स्पेशल ट्रेन 04004/04003 में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 थर्ड एसी, 2 स्लीपर, 19 सामान्य श्रेणी कोच और 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे।
सराय रोहिल्ला-अशोकनगर स्पेशल की क्या टाइमिंग और कहां स्टॉपेज?
ट्रेन नंबर 04004 दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर स्पेशल ट्रेन 17 सितंबर को दिल्ली के सराय रोहिल्ला स्टेशन से 12:15 बजे प्रस्थान करेगी और 18 सितंबर को 03:00 बजे अशोकनगर स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन बीच में कई स्टेशनों पर रुकेगी। यह फरीदाबाद स्टेशन पर 13:40 बजे, कोसीकलां 14:55 बजे, मथुरा जंक्शन 16:35 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन 18:35 बजे, सोगरिया 21:20, गुना 01:35 बजे पहुंचेगी।
अशोकनगर-सराय रोहिल्ला स्पेशल की क्या टाइमिंग और कहां स्टॉपेज?
इसी तरह ट्रेन नंबर 04003 अशोकनगर-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल ट्रेन 21 सितंबर को अशोकनगर स्टेशन से 17:00 बजे प्रस्थान करेगी और 22 सितंबर को 08:45 बजे दिल्ली के सराय रोहिल्ला स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन बीच में कई स्टेशनों पर रुकेगी। यह गुना 18:10 बजे, सोगरिया 21:40 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन 00:15 बजे, मथुरा जंक्शन 04:20 बजे, कोसीकलां 04:58 बजे एवं फरीदाबाद 07:10 बजे होते हुए 22 सितंबर को 08:45 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
छत्तीसगढ़ में ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
इस बीच ऊरकुरा और रायपुर स्टोर डिपो के बीच पटरियों को दोहरा करने के काम के कारण 13 और 14 सितंबर को 10 पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी और दो मेमू पैसेंजर ट्रेनें आधे रास्ते तक ही चलेंगी। 13 सितंबर को रद्द रहने वाली ट्रेनों में रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68728), बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68734), गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68733), बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर (68719), कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203), रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पैसेंजर (58205) और रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68746) शामिल हैं।
वहीं 14 सितंबर को रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204), नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर (58206) और गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर (68745) रद्द रहेंगी। इसके अलावा 13 सितंबर को झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर (68862) केवल बिलासपुर तक ही जाएगी और गोंदिया नहीं जाएगी। उसी दिन गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर (68861) गोंदिया के बजाय बिलासपुर स्टेशन से शुरू होगी।








