
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे पलट गई. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
मृतकों में पति-पत्नी और 8 साल का बच्चा शामिल है। हादसा मटकुली-पिपरिया मार्ग पर हुआ.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बंजारा ड्रीम, नर्मदापुरम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, बेटा अक्षत धुर्वे (8), समनापुरा निवासी पंचम ठाकुर (55) और झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) के रूप में हुई है।
घायलों में समनापुरा निवासी आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची.
दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हादसा हो गया
पिपरिया थाना प्रभारी मदनलाल पवार ने बताया कि बोलेरो जीप तामिया से मटकुली की ओर जा रही थी.
इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. तेज रफ्तार के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गयी.
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
हादसे में सभी मृतकों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो का अनियंत्रित होकर पलट जाना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है.






