August 1, 2026 3:20 am

बाढ़ आपदा को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क, महानदी तटवर्ती क्षेत्रों में तैयारियां तेज: वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी

रायपुर, 31 जुलाई 2026

’बाढ़ आपदा को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क, महानदी तटवर्ती क्षेत्रों में तैयारियां तेज: वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी’

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने महानदी के तटवर्ती क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने महानदी के जलस्तर, राहत एवं बचाव की तैयारियों तथा विभिन्न विभागों के समन्वय की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ जिले के महानदी तटवर्ती गांवों के साथ-साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया अंचल और चंद्रपुर क्षेत्र के नदी किनारे बसे गांवों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। राज्य सरकार स्थिति पर पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सभी संबंधित विभाग और अधिकारी ओडिशा सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर महानदी के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। हीराकुंड बांध के गेटों के संचालन को लेकर भी लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि संभावित बाढ़ के प्रभाव को कम किया जा सके।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी नागरिकों को भी पूरी तैयारी रखनी चाहिए। यदि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है तो प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, सुरक्षित स्थानों पर जाने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखें तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। जनप्रतिनिधियों से भी उन्होंने स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।

श्री चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार, प्रशासन और जनता के सामूहिक सहयोग से किसी भी संभावित आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जाएगा तथा जन-धन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!