November 27, 2026 9:21 pm

महादेव सट्टा सिंडिकेट का खुलासा, हर महीने 60 करोड़ का पेमेंट और दुबई में करोड़ों की डील

रायपुर
 महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात ऐसी हलचल दिखी, जो शहर के न्यायिक इतिहास में पहले कभी नहीं हुई। इस हाईप्रोफाइल प्रकरण में सुनवाई के लिए कोर्ट आधी रात तक खुली रही। रात 10.45 बजे शुरू हुई दलीलों का दौर देर रात करीब 1 बजे, यानी 24 नवंबर की तारीख लगने के बाद जाकर थमा। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने आरोपी हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को 28 नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया।

आधी रात की सुनवाई और रिमांड की दलीलें
ईडी की टीम हिमांशु शेखर को लेकर 23 नवंबर की रात 10 बजे रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट पहुंची थी। रात 10.45 बजे कार्यवाही शुरू हुई, जहां ईडी की ओर से सौरभ पान्डेय और बचाव पक्ष की ओर से फैजल रिजवी ने तर्क रखे। देर रात करीब 1 बजे आदेश के साथ अदालत की कार्यवाही पूरी हुई। ईडी की रिमांड अर्जी में आरोपी पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपए लेने और बाद में हवाला के जरिए किस्तों में बड़ी रकम लेने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

दुबई बैठक, 15 करोड़ और ‘जज-लॉयर’ वाला दावा
ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर ने 15 नवंबर को दिए बयान में बताया कि अक्टूबर 2023 की शुरुआत में मुंबई के कुरैशी प्रोडक्शंस में तलाशी के दौरान वसीम कुरैशी ने हर्षवर्धन से मदद मांगी थी, जिसके बाद दुबई में महादेव बुक के प्रमोटरों की हिमांशु से मुलाकात कराई गई। जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हुई बैठक में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, वकील सुमित कोचर और हिमांशु मौजूद थे। आरोप है कि हिमांशु ने आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा देकर अक्टूबर में 15 करोड़ रुपए लिए और यह भी दावा किया कि उसकी जज व वकीलों से बात हो चुकी है।

गिरफ्तारी की पूर्व सूचना और हवाला के हिसाब का जिक्र
18 नवंबर को दर्ज सौरभ चंद्राकर के बयान का हवाला देते हुए अर्जी में कहा गया है कि गिरिश तलरेजा की जयपुर के बाद भोपाल में लोकेशन साझा करने के तीसरे दिन हिमांशु ने कथित तौर पर गिरफ्तारी की पहले ही सूचना दे दी थी और उसी दिन ईडी ने गिरिश को गिरफ्तार किया। इसके अलावा दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच दिल्ली-मुंबई हवाला ऑपरेटरों व दुबई के जरिए नकद किस्तों में रकम पहुंचाने तथा 21 नवंबर को दिल्ली के पंचशील पार्क स्थित ठिकाने से मिले हाथ से लिखे नोट्स में “Mumbai Hawala Raju Bhai”, “Wasem” और हर महीने 60 करोड़ रुपए देने के हिसाब का जिक्र भी किया गया है।

डिजिटल साक्ष्य, कंपनी का राजस्व और आगे की जांच
ईडी के मुताबिक, हिमांशु के सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड फोन से 473 एमबी का वीडियो मिला, जिसके प्रीव्यू पर “MAHADEV BOOK” लिखा था, साथ ही पार्टी क्लिप, डिलीट किया गया व्हाट्सऐप मैसेज और दूसरे आईफोन के फैक्ट्री रीसेट होने का मामला भी जांच में शामिल है। वित्तीय रिकॉर्ड के हवाले से बताया गया कि हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड का राजस्व 2022-23 के 52.66 लाख रुपए से बढ़कर 2023-24 में 15.55 करोड़ रुपए हो गया। आरोपी ने 65 लाख रुपए को बैंक के जरिए मिली प्रोफेशनल फीस बताया, जबकि ईडी अब रिमांड के दौरान रकम के स्रोत, हवाला नेटवर्क और अन्य सट्टा ऐप्स से संबंधों की कड़ियां जोड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!