मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज

रायपुर, 31 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने किया व्यापक दौरा, चंदनगिरी राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों का बढ़ाया हौसला

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने किया व्यापक दौरा, चंदनगिरी राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों का बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल पर तथा वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार बीजापुर जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री विश्वदीप ने शुक्रवार को भोपालपटनम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का व्यापक दौरा कर राहत कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

*सभी परिवारों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं* 

कलेक्टर ने सबसे पहले इंद्रावती नदी के तिमेड़ पुल का निरीक्षण कर जलस्तर और आवागमन की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वे चंदनगिरी राहत शिविर पहुंचे और वहां रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और उन्हें हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। राहत शिविर में भोजन, स्वच्छ पेयजल, कपड़े, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविर में रह रहे सभी परिवारों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उन्होंने बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र सर्वे कर पात्र प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार मुआवजा और अन्य राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।

*किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें*

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नल्लमपल्ली और रामपुरम गांवों का भी दौरा किया। रामपुरम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज बहाव के साथ पानी बहता मिला। इस पर उन्होंने बहते पानी वाले मार्गों पर लोगों की आवाजाही रोकने और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो। कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बहते पानी को पार करने का प्रयास न करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और प्रभावित प्रत्येक परिवार तक राहत और सहायता पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं पुनर्वास कार्य लगातार जारी है और प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!