August 7, 2026 4:57 pm

राज्य में अब तक औसत औसतन 606.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज

 

​रायपुर, 07 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून का प्रदर्शन काफी बेहतर बना हुआ है और प्रदेश भर में बारिश की स्थिति कुल मिलाकर संतोषजनक है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी राज्यस्तरीय आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 7 अगस्त 2026 तक प्रदेश में औसतन 606.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो कि सामान्य औसत वर्षा 612.8 मिलीमीटर का लगभग 99 प्रतिशत है। इस अवधि के दौरान राज्य में आज औसतन 10.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

​मानसून के इस आंकड़े के पीछे राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की काफी असमान स्थिति भी देखने को मिल रही है।प्रदेश के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अब तक सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई है, जहाँ सामान्य औसत की तुलना में 187.8 प्रतिशत यानी 872.8 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। इसके ठीक विपरीत उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बनी हुई है, जहाँ अब तक सामान्य औसत का महज 65.6 प्रतिशत यानी केवल 304.5 मिलीमीटर पानी ही बरसा है।

​क्षेत्रवार स्थिति पर नज़र डालें तो मध्य छत्तीसगढ़ एवं मैदानी इलाकों में मानसूनी बादल जमकर बरसे हैं। राजधानी रायपुर में औसत की तुलना में 126.8 प्रतिशत यानी 648.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इसी प्रकार बलौदाबाज़ार में 701.8 मिलीमीटर (122.8%), गरियाबंद में 731.8 मिलीमीटर (125.5%), महासमुंद में 771.9 मिलीमीटर (139.4%) और धमतरी में 651.4 मिलीमीटर (110.5%) बारिश के साथ जलस्तर बेहतर स्थिति में है।

​बिलासपुर संभाग के जिलों में भी बारिश की स्थिति काफी अच्छी बनी हुई है। जांजगीर-चांपा में अब तक 798.1 मिलीमीटर (126%), सक्ती में 668.8 मिलीमीटर (119.4%), बिलासपुर में 635.4 मिलीमीटर (108.5%) और मुंगेली में 584.8 मिलीमीटर (107.1%) बारिश दर्ज की गई है। वहीं दूसरी ओर गौरेला-पेन्ड्र-मरवाही में 577.4 मिलीमीटर (98.6%), रायगढ़ में 602.9 मिलीमीटर (93.8%) और कोरबा में 618.9 मिलीमीटर (93.4%) वर्षा के साथ आंकड़ा सामान्य के करीब बना हुआ है।

​दुर्ग संभाग के मैदानी और सीमावर्ती जिलों में वर्षा का मिला-जुला असर देखने को मिला है। बालोद जिले में 686.9 मिलीमीटर (117.6%) और दुर्ग में 504.6 मिलीमीटर (108.4%) वर्षा दर्ज हुई है। हालाँकि संभाग के अन्य जिलों जैसे राजनांदगांव में 517.4 मिलीमीटर (97.5%), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 418.0 मिलीमीटर (94.8%), कबीरधाम में 377.5 मिलीमीटर (81.5%), बेमेतरा में 354.9 मिलीमीटर (77.5%) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 530.9 मिलीमीटर (73.3%) बारिश ही हो सकी है।

​ दक्षिणी छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग की बात करें तो नारायणपुर जिला वर्षा के मामले में सबसे आगे रहा है, जहाँ 1008.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जो सामान्य का 134.9 प्रतिशत है। दंतेवाड़ा में 758.9 मिलीमीटर (92.6%) और कोंडागांव में 598.6 मिलीमीटर (87.4%) बारिश हुई है। वहीं संभाग के अन्य जिलों जैसे बस्तर में 564.4 मिलीमीटर (74.6%), बीजापुर में 780.4 मिलीमीटर (70.5%), कांकेर में 572.9 मिलीमीटर (69.9%) और सुकमा में 576.9 मिलीमीटर (68.1%) बारिश दर्ज की गई है।

​ सरगुजा संभाग में बारिश का प्रतिशत राज्य के बाकी हिस्सों की तुलना में कम बना हुआ है। केवल बलरामपुर जिले में स्थिति बेहतर है जहाँ 577.7 मिलीमीटर (119%) बारिश हुई है। इसके अलावा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 505.6 मिलीमीटर (93.5%), कोरिया में 515.0 मिलीमीटर (93.3%) और सूरजपुर में 556.3 मिलीमीटर (89%) वर्षा दर्ज की गई है, जबकि जशपुर में 437.6 मिलीमीटर (71%) और सरगुजा में 304.5 मिलीमीटर (65.6%) बारिश के साथ दोनों जिले सूखे जैसी स्थिति की ओर इशारा कर रहे हैं। राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष लगातार सभी जिलों की मानसूनी गतिविधियों और जलभराव की स्थिति पर नज़र बनाए हुए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!