
मध्य प्रदेश की सतना सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था और दावों की पोल खोलने वाला एक मामला सामने आया है। गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें जेल के अंदर चल रही अवैध गतिविधियों का खुलासा हुआ। इस ऑडियो में जेल के अंदर बंद कैदियों तक गांजा, शराब और कैश पहुंचाने की डील हो रही है.
मामले में जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने मुख्य प्रहरी राजेंद्र चौधरी को भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.
दो मोबाइल फोन से हुआ खुलासा
ये ऑडियो कब का है? इसकी तारीख अभी साफ नहीं है, लेकिन गार्ड की पोल खोलने वाले ने पूरी प्लानिंग के साथ जाल बिछाया था. उस व्यक्ति ने मोबाइल से गार्ड के नंबर (+++++76507) पर कॉल की. कॉल के दौरान उसने दूसरा मोबाइल चालू रखा और पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली, जिससे इनकार करने की कोई गुंजाइश नहीं रही.

ऑडियो में युवक जेल प्रहरी से बात कर गांजा पहुंचाने की बात कर रहा है
ऑडियो में नशीला पदार्थ और नकदी पहुंचाने की चर्चा
ऑडियो में एक शख्स चीफ गार्ड राजेंद्र चौधरी से फोन पर बात करते हुए सुनाई दे रहा है. बातचीत के दौरान वह जेल के अंदर 25 ग्राम गांजा, एक बोतल शराब और 5 हजार रुपये नकद पहुंचाने की बात कर रहा है. जवाब में गार्ड को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि सामान रख लो और खाने के बाद ले लेना.

ऑडियो में ये बातचीत
युवा- भाई, मुझे कुछ सामान पहुंचाना है। जेल प्रहरी- यह क्या है?
युवा- इसमें 25 ग्राम गांजा, आपके पीने के लिए शराब की एक बोतल और 5 हजार नकद हैं. कितनी देर? जेल प्रहरी- मैं अभी खाना खा रहा हूं. मैं 10:30 या 10 बजे तक पहुंच जाऊंगा.
जेल प्रशासन की सुरक्षा पर बड़े सवाल!
इस ऑडियो के सामने आने के बाद सतना सेंट्रल जेल की सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था कटघरे में है. सवाल उठ रहे हैं कि जब जेल के रक्षक ही भक्षक बन अंदर गांजा और शराब भेजेंगे तो अपराधियों में खौफ कैसे होगा? जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने इस पूरे मामले की रिपोर्ट भोपाल में वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों को भेज दी है.







