


बौद्धिक गेमशो, रुचिकर खाद्य स्टालों सहित अनेक मनोरंजक, ज्ञानवर्धक व शैक्षिक कार्यक्रमों का रहा समावेश
चित्रकूट बालक-बालिकाओं की अन्तर्निहित शक्तियों के समुचित विकास की दृष्टि से दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा संचालित सुरेन्द्रपॉल ग्रामोदय विद्यालय में बाल मेला का आयोजन हुआ, जिसमें प्रेरक व आकर्षक झाँकियाँ, विज्ञान प्रयोग व मॉडल, बौद्धिक गेमशो, रुचिकर खाद्य स्टालों सहित अनेक मनोरंजक, ज्ञानवर्धक व शैक्षिक कार्यक्रमों का समावेश छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया।
बाल मेले का शुभारम्भ पंडित नेहरू एवं राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख व पं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ मझगवां के एसडीएम श्री महिपाल सिंह गुर्जर, गायत्री शक्तिपीठ के प्रबंधक डॉ रामनारायण त्रिपाठी, महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट के कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा, बांदा कोपरेटिव बैंक के चेयरमैन पंकज अग्रवाल द्वारा बाल मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
सुरेंद्रपाल ग्रामोदय विद्यालय नौनिहालों के सर्वांगीण विकास का दायित्व लेते हुए विगत 30 वर्षों से अधिक समय से चित्रकूट में अपनी सेवाएं दे रहा है। बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में बाल विज्ञान मेला आयोजित किया गया। जिसमें विज्ञान के अनेकानेक प्रयोग, मॉडल, प्रोजेक्ट, झांकियां, ज्ञानवर्धक गेम शो, मनोरंजन मैजिक शो का भव्य प्रदर्शन किया गया। मेले का सर्वाधिक आकर्षण वहां पर लगाए गए विज्ञान के अभिनव मॉडल और प्रोजेक्ट रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने श्रद्धेय नाना जी को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा रोपित यह विद्यालय रूपी बीज आज विशालकाय बट वृक्ष बनकर अपनी छाया प्रदान कर रहा है। दीनदयाल शोध संस्थान का यह प्रकल्प शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव प्रयोग है। आगंतुक अतिथियों ने मेले की भूरि भूरि प्रशंसा की। मेले में बालक बालिकाओं के अभिभावक, माताएं तथा साथ-साथ पुरातन छात्र भी सहभागिता करते हुए नजर आए। सुरेन्द्र पाल ग्रामोदय विद्यालय में आयोजित बाल मेला के अवलोकन के लिए चित्रकूट के चतुर्दिक अनेक विद्यालयों के बालक बालिका भी मेला देखने तथा विज्ञान के प्रयोग और मॉडल को समझने की दृष्टि से विद्यालय में उपस्थित हुए।
विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बाल विज्ञान मेला बालक बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्यक्रम विद्यालय द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाते रहते हैं। दीनदयाल शोध संस्थान के महाप्रबंधक डॉ अनिल जायसवाल, सचिव श्री अपराजित शुक्ल एवं विद्यालय के सचिव डॉ अशोक पांडे बहुत ही तन्मयता के साथ पूरे विद्यालय प्रांगण में आयोजित बाल मेला का अवलोकन करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन करते रहे।
बाल विज्ञान मेला का संयोजन विद्यालय के व्याख्याता अशोक कुमार दीक्षित ने किया। इस दौरान शैक्षणिक अनुसंधान केंद्र के प्रभारी कालिका प्रसाद श्रीवास्तव, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अंशुमान पाठक तथा शिक्षक शिव शंकर पांडे, जितेंद्र मिश्रा, सत्यनारायण शुक्ला, रामवीर सक्सेना, सुनील तिवारी, अशोक तिवारी, सुरेश गौतम, राम कुमार कुशवाह, अश्वनी पांडे, विदेश तिवारी, विवेक गुप्त आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।








