गांवों में विकास और सुशासन की नई तस्वीर गढ़ रही सरकार: विधायक श्री मोहले
रायपुर, 30 मई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार-2026 अब ग्रामीण क्षेत्रों में जनविश्वास और त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आमजनों तक पहुंचाने और समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम बिरगांव में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

शिविर में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर आमजनों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम खम्हरिया में पंचायत भवन एवं उचित मूल्य दुकान निर्माण, पदमपुर में आंगनबाड़ी भवन तथा बिरगांव, बिरगहनी और भथरी में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र निर्माण के लिए 57 लाख 31 हजार रुपये से अधिक की स्वीकृति प्रदान की गई। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिविरों में जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहते हैं, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने ग्रामीणों से राशन कार्ड, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सड़क, नाली और राजस्व संबंधी समस्याओं के आवेदन शिविर में प्रस्तुत कर समाधान कराने की अपील की। विधायक श्री मोहले ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगवाकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि समाधान शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन शिविर में ही प्रस्तुत करने की अपील करते हुए कहा कि नियमानुसार सभी आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की जानकारी दी। वहीं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने ग्रामीणों को जल संरक्षण और पेयजल के सदुपयोग के लिए जागरूक किया।
हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ
समाधान शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण पत्र प्रदान कर लाभान्वित किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत 20 हितग्राहियों को चेक, 20 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी एवं पूर्णता प्रमाण पत्र, 07 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 20 को नोनी सुरक्षा बांड, 05 हितग्राहियों को आइस बॉक्स और नाव-जाल, 20 किसानों को अरहर बीज मिनी किट, 10 किसानों को केसीसी चेक, 10 हितग्राहियों को आयुष्मान एवं आभा कार्ड, 24 श्रमिकों को श्रम कार्ड, 10 लोगों को फलदार पौधे तथा 05 विद्यार्थियों को गणवेश प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।







