November 27, 2026 9:48 pm

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाएं : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना की समीक्षा

भोपाल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों, विशेषज्ञों एवं अन्य आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए स्वीकृत पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति संबंधी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने भोपाल में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में चिकित्सकों की भर्ती, पदस्थापना, चिकित्सा महाविद्यालयों में अधोसंरचना विकास तथा विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए विभागीय स्तर पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी करने एवं साक्षात्कार आयोजित करने की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से जिला एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में विशिष्ट उपचार सेवाओं का विस्तार होगा तथा मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।

चिकित्सा अधिकारियों के 1100 पदों पर भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने चिकित्सा अधिकारियों के 1100 पदों पर मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से की जाने वाली सीधी भर्ती की कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विभागीय औपचारिकताओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा संबंधित संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर कार्यवाही में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती में प्रतीक्षा सूची से पात्र अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि उपलब्ध पदों पर नियमानुसार नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही तत्परता से की जाए।

इन-सर्विस पीजी चिकित्सकों की बांड पर पदस्थापना की कार्यवाही करें
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत इन-सर्विस पीजी चिकित्सकों की स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से बांड पर पदस्थापना की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय कर पदस्थापना संबंधी कार्यवाही आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञता प्राप्त चिकित्सकों की सेवाओं का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे विशेष रूप से जिला एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाई जा सके।

नर्सिंग ऑफिसर भर्ती एवं अस्पताल प्रबंधकों की पदस्थापना की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अस्पताल प्रबंधकों एवं डेंटल सर्जन के पदों पर पदस्थापना संबंधी कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभावी संचालन एवं बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। उन्होंने नर्सिंग ऑफिसर की नियुक्ति प्रक्रिया की भी जानकारी प्राप्त की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रकरण में न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार की अत्याधुनिक सुविधाओं का होगा विस्तार
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेश के पांच पुराने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में मेडिकल ऑन्कोलॉजी एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभागों के विकास तथा लाइनैक मशीन की उपलब्धता संबंधी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए प्रदेश में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। चिकित्सा महाविद्यालयों में कैंसर उपचार से संबंधित विशेषज्ञ सेवाओं, आवश्यक उपकरणों एवं अधोसंरचना के विकास की कार्यवाही को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ही उन्नत कैंसर उपचार सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों एवं उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।

बांडेड चिकित्सकों के मानदेय एवं मैहर जिला चिकित्सालय के अधोसंरचना विकास की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बांडेड चिकित्सकों के मानदेय में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई इंडेक्स) के अनुसार वृद्धि संबंधी प्रस्ताव की समीक्षा की। उन्होंने इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैहर जिला चिकित्सालय के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी करने से संबंधित लंबित कार्यवाही की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए मानव संसाधन की उपलब्धता और अधोसंरचना विकास के कार्य समानांतर रूप से आगे बढ़ाए जाएं। विभागीय अधिकारी विभिन्न स्तरों पर नियमित समन्वय कर लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें, जिससे योजनाओं एवं स्वीकृत कार्यों का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!