
हैदराबाद के संध्या थिएटर हादसे के मामले में अभिनेता अल्लू अर्जुन सोमवार को नामपल्ली कोर्ट में वर्चुअली पेश होंगे। अदालत ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन जारी किया था. हालाँकि, अल्लू अर्जुन की कानूनी टीम ने कहा कि मुंबई में चल रही फिल्म की शूटिंग के कारण, उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होने की अनुमति का अनुरोध किया था।
पुलिस ने इस मामले की चार्जशीट में अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 बनाया है. दिसंबर 2024 में 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी। अदालत ने इस मामले की सुनवाई के लिए अभिनेता और अन्य आरोपियों को 22 जून को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था, जिसमें भीड़ प्रबंधन में लापरवाही और सुरक्षा विफलता शामिल है।

चार्जशीट में अल्लू अर्जुन बने 11वें नंबर के आरोपी इस हादसे को लेकर पुलिस ने कोर्ट में विस्तृत आरोप पत्र दाखिल कर दिया है. एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस चार्जशीट में कुल 23 लोगों के नाम हैं. इसमें संध्या थिएटर के प्रबंधन से जुड़े लोगों को आरोपी नंबर 1 से 10 (ए1 से ए10) बनाया गया है, जबकि अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 (ए11) के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। कोर्ट ने मामले में आगे बढ़ते हुए 19 आरोपियों को नोटिस जारी कर कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया है.
दिसंबर 2024 में हुआ था हादसा यह पूरी घटना 4 दिसंबर 2024 की है। उस वक्त फिल्म 'पुष्पा 2' की रिलीज के मौके पर हैदराबाद के संध्या थिएटर में एक बेनिफिट शो का आयोजन किया गया था। इस शो के दौरान थिएटर परिसर में क्षमता से ज्यादा लोग जमा हो गए. हालात बेकाबू होने से वहां भारी भगदड़ मच गई.
इस हादसे में रेवती नाम की महिला की जान चली गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे आयोजनों में भीड़ नियंत्रण को लेकर काफी बहस छिड़ गई थी.


अल्लू अर्जुन को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी पुलिस जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन अल्लू अर्जुन खुद थिएटर पहुंचे थे. उन्हें देखने के लिए फैन्स की भारी भीड़ थिएटर के एंट्री गेट की ओर दौड़ पड़ी, जिससे वहां दबाव बढ़ गया और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो गई. आरोप पत्र में कहा गया है कि थिएटर अधिकारियों, सुरक्षा गार्ड और इवेंट मैनेजमेंट कर्मियों की लापरवाही दुर्घटना का मुख्य कारण थी। हालाँकि, इस घटना के बाद अल्लू अर्जुन ने पीड़ित परिवार से संपर्क किया और घायल बच्चे के इलाज के लिए वित्तीय और चिकित्सा सहायता भी प्रदान की।
भगदड़ मामले में अल्लू को 13 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था 4 दिसंबर को हुई भगदड़ मामले में अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर को दोपहर 12 बजे गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें शाम 4 बजे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अल्लू ने अंतरिम जमानत के लिए तेलंगाना हाई कोर्ट में अपील की थी. शाम 5 बजे उन्हें ₹50,000 के निजी मुचलके पर अंतरिम जमानत दे दी गई। इस दौरान अल्लू को चंचलगुडा सेंट्रल जेल ले जाया गया.
अभिनेता को अगले दिन, शनिवार सुबह लगभग 6:30 बजे चंचलगुडा सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया। इस दौरान अल्लू करीब 18 घंटे तक हिरासत में रहे.

रिहाई के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की
रिहाई के बाद अल्लू अर्जुन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'यह सब एक हादसा था। मैं अपने परिवार के साथ सिनेमा हॉल में मूवी देखने गया था. यह घटना बाहर घटी. इस घटना से मेरा कोई सीधा संबंध नहीं है. मैं पूरी तरह से महिला के परिवार के साथ हूं और मैं हर संभव तरीके से उनकी मदद करूंगा।' अल्लू अर्जुन ने आगे कहा, 'मैं पिछले 20 सालों में 30 से ज्यादा बार उस सिनेमा हॉल में जा चुका हूं। लेकिन ऐसा कुछ पहले कभी नहीं हुआ. यह पूर्णतः दुर्भाग्यवश हुआ। 'मुझे इस घटना पर बहुत दुख है।'







