
इंदौर में लगातार बढ़ते जल संकट के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लोग पानी की कमी से परेशान हैं. पानी की समस्या को लेकर कई जगहों पर सड़क जाम और धरना-प्रदर्शन भी हुआ है.
पानी की समस्या को देखते हुए सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा की. समीक्षा बैठक में सभी अपर आयुक्त, विभागीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।
इस दौरान वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था, पानी टंकी की स्थिति, पानी टैंकर संचालन, हाइड्रेंट व्यवस्था एवं लोगों को बिना परेशानी के पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गयी.
अधिकारियों ने विभिन्न जोन में जल वितरण की स्थिति, जलापूर्ति के दौरान टैंकरों की उपलब्धता और संभावित समस्याओं के समाधान के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी.
सभी अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करें
कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं कि गर्मी में पानी की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी सतत् निगरानी रखें। जहां भी जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो, तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने स्काडा कंट्रोल रूम में पानी की टंकी भरने एवं सप्लाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इस बीच, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सभी अतिरिक्त आयुक्तों को अपने-अपने आवंटित जोन क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने और मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है।
साथ ही पानी की टंकियों की सफाई, जल वितरण व्यवस्था, हाइड्रेंट संचालन, टैंकर सप्लाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।








