सुशासन तिहार के शिविरों में मिल रहा त्वरित समाधान, योजनाओं का लाभ पहुंच रहा ग्रामीणों तक

 

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से किया गया लाभान्वित

रायपुर, 05 जून 2026

सुशासन तिहार के शिविरों में मिल रहा त्वरित समाधान, योजनाओं का लाभ पहुंच रहा ग्रामीणों तक

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत कचंदा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। इस दौरान नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान किताब, श्रम कार्ड, बी-1 खसरा, मतदाता पहचान पत्र, नैनो डीएपी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज एवं सामग्रियों का वितरण किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हितग्राहियों को चेक एवं प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर उनके पक्के आवास के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। ग्राम पंचायत कचंदा में आयोजित शिविर में कुल 1337 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1246 मांग एवं 91 शिकायतें शामिल हैं। सभी आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।

पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रस्तुत करने तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के लिए प्रेरित किया तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले ने कहा कि सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है, जहां लोगों को उनकी जरूरतों के अनुरूप त्वरित राहत मिल रही है। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करने का आह्वान किया। साथ ही किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने तथा दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने की सलाह दी।

इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!