
इंदौर में एक बार फिर दूषित पानी की समस्या सामने आ गई है. भागीरथपुरा के बाद अब वार्ड नंबर 16 के महावीर नगर में दूषित पानी से 10 लोगों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है। क्षेत्रवासी कई दिनों से गंदे और दुर्गंधयुक्त पानी की शिकायत कर रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने लोगों से बातचीत कर स्थिति का आकलन किया और जलापूर्ति एवं बोरवेलों का निरीक्षण शुरू किया.
पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए
निवासियों का आरोप है कि अगर निगम समय पर मॉनिटरिंग और नियमित निरीक्षण करता तो यह स्थिति नहीं आती. लोगों का कहना है कि दूषित पानी पीने से कई परिवारों को उल्टी, दस्त और पेट संबंधी समस्या हो रही है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक इलाके के एकमात्र बोरवेल में सीवरेज का पानी मिल गया, जिससे सप्लाई प्रभावित हुई और दूषित पानी घरों तक पहुंच गया. इससे पूरे इलाके में चिंताजनक स्थिति पैदा हो गई है.
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पानी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं. समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों को फिलहाल पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है।
नगर निगम और एनजीओ की टीम मौके पर पहुंची। टीम लोगों से जानकारी जुटा रही है कि कितने लोग बीमार हैं और पानी कहां से आया।
खबर अपडेट की जा रही है






