April 19, 2025 10:47 am

BREAKING NEWS

हनुमना में सिविल अस्पताल की स्थापना,खटखरी को नगर परिषद बनाने सहित मऊगंज को CM से मिली करोड़ों की सौगात

CM डॉ. मोहन यादव ने मऊगंज में जनकल्याण अभियान के तहत 5041 करोड़ की सीतापुर-हनुमना सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया

रीवा, 14 दिसम्बर 2024: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मऊगंज के कलेक्ट्रेट के पास आयोजित विशाल जनसभा में जनकल्याण अभियान के तहत कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने 5041 करोड़ रुपए की सीतापुर-हनुमना लिफ्ट इरिगेशन परियोजना का शिलान्यास किया। यह परियोजना मऊगंज जिले के 400 से अधिक गांवों को सिंचाई सुविधा प्रदान करेगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने 5175 करोड़ रुपए की लागत से 57 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें प्रमुख कार्यों में खटखरी को नगर परिषद बनाने, देवतालाब महाविद्यालय में 5 करोड़ रुपए की लागत से स्टेडियम का निर्माण, हनुमना में सिविल अस्पताल की स्थापना, और देवतालाब शिव मंदिर के विकास कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि जनकल्याण अभियान 26 जनवरी तक चलेगा और इस दौरान हर पात्र हितग्राही को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने मऊगंज को नया जिला बनाए जाने और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सरकार ही मऊगंज के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मऊगंज, रीवा और सतना सहित पूरा विन्ध्य क्षेत्र सादगी, सरलता और सद्भाव का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश की दो नदी जोड़ो परियोजनाओं की मंजूरी को लेकर धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे किसानों को बड़ी सौगात मिलेगी और यह परियोजना प्रदेश के किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाएगी।

इस समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 60 लाख विद्यार्थियों को सिंगल क्लिक के जरिए 332 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति की पहली किश्त वितरित की। इसके साथ ही, उन्होंने पोषण आहार योजना के तहत दो गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण किट के रूप में अक्षय पात्र भेंट किए।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जनजातीय लोकनृत्य और पुष्पवर्षा के माध्यम से उनका स्वागत किया। साथ ही, उन्होंने गायों की सेवा करने वाले सौखीलाल यादव को सम्मानित किया और गौ संवर्धन का संदेश दिया।

समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल, विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम, विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा, और अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री का रीवा एयरपोर्ट पर आत्मीय स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 दिसम्बर 2024 को विशेष विमान द्वारा भोपाल से रीवा एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान उनका आत्मीय स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, विधायक श्री सिद्धार्थ तिवारी, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह सहित अन्य प्रमुख नेता और अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने रीवा एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा सरसी/व्यौहारी के लिए प्रस्थान किया।

मऊगंज में मुख्यमंत्री ने 5175 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मऊगंज कलेक्ट्रेट में आयोजित विशाल जनसभा में 5175 करोड़ 39 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें प्रमुख कार्यों में सीतापुर-हनुमना सूक्ष्म दबाव सिंचाई योजना का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा, मऊगंज के सिविल अस्पताल का उन्नयन, विद्युत सब स्टेशन निर्माण और देवतालाब से तमरी मार्ग पर ओड्डा नदी में पुल निर्माण के कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने मऊगंज में विभिन्न हितग्राहियों को किया हितलाभ का वितरण

मुख्यमंत्री ने मऊगंज में आयोजित जनसभा में विभिन्न योजनाओं के तहत 8 हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप लाभ प्रदान किया। इनमें छात्रों को नि:शुल्क साइकिल, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, स्वरोजगारियों को ऋण राशि और महिलाओं को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्रता पर्ची का वितरण किया गया।

इस समारोह में उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, मऊगंज जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल सहित विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!