
ग्वालियर में एक बीजेपी कार्यकर्ता की सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रही है. इस पोस्ट में कर्मचारी ने ₹31,000 का बिजली बिल आने पर बिजली वितरण कंपनी और ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर से नाराजगी जताई है.
भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप श्रीवास्तव ऊर्जा मंत्री तोमर के विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है.
क्या लिखा प्रदीप ने
ऊर्जा मंत्री जी, मैं आपके विधानसभा क्षेत्र 155 का निवासी हूं, तब यह स्थिति है। एक पारिवारिक घर का बिल, जिसका मासिक बिल 31,000 है। आपके इलाके में आम लोग छोटी-छोटी फैक्ट्रियां नहीं चला पाएंगे. मैं बीजेपी का कार्यकर्ता हूं, लेकिन आप जैसा मंत्री होना बीजेपी के लिए अच्छा नहीं है. अगर मेरा ये बिल ठीक नहीं हुआ तो बीजेपी के साथ रहना बेकार है. मैंने 6 दिन पहले ऑनलाइन शिकायत की थी, अभी तक कुछ नहीं हुआ. आपके गुंडे बिजली विभाग के कर्मचारी एक-दो दिन में बिजली काटने आ जायेंगे. अब आप देखिये क्या हो सकता है.

एक सामान्य घर का इतना अधिक बिल
श्रीवास्तव ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि अगर एक सामान्य परिवार के घर का बिजली बिल इतना अधिक हो सकता है, तो क्षेत्र के छोटे उद्योग और फैक्ट्री संचालक अपना व्यवसाय कैसे चला पाएंगे? उन्होंने यह भी लिखा कि ऐसी स्थिति से बीजेपी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है और अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनका पार्टी से जुड़े रहने का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा.
6 दिन पहले दर्ज कराई शिकायत
बीजेपी कार्यकर्ता ने दावा किया कि उन्होंने करीब छह दिन पहले बिजली बिल को लेकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. उनका आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारी शिकायत का समाधान करने की बजाय जल्द ही कनेक्शन काटने पहुंच सकते हैं.
हालांकि, इस मामले में ऊर्जा मंत्री तोमर या बिजली वितरण कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. उपभोक्ताओं को अब इस बात का इंतजार है कि संबंधित बिल में कोई त्रुटि मिलती है या नहीं और विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है.








