
मुंबई में सीज़न की पहली मानसूनी बारिश के दौरान ट्रेन का दरवाज़ा खुला रखने को लेकर हुई बहस के बाद हिंसा में बदल जाने से एक यात्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय मयंक लोहार के रूप में हुई। अभी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 10:42 बजे अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी कोच में हुई। ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है.
ट्रेन में युवक की हत्या, 3 तस्वीरें


पुलिस के मुताबिक, ट्रेन अंधेरी स्टेशन पहुंची थी, तभी मयंक और एक अन्य यात्री के बीच ट्रेन का दरवाजा खुला रखने को लेकर बहस हो गई। एक यात्री चाहता था कि दरवाजा खुला रहे, जबकि दूसरे ने बारिश का हवाला देते हुए इसका विरोध किया।
बहस के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर एक धारदार हथियार निकाला और मयंक के पेट में वार कर दिया। जब ट्रेन रात 11:04 बजे बोरीवली स्टेशन पहुंची, तो सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं।
मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया और मयंक को बोरीवली स्टेशन के मेडिकल रूम में ले जाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद, उन्हें एम्बुलेंस द्वारा कांदिवली के शताब्दी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां बाद में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
सीसीटीवी फुटेज जब्त, आरोपियों की तलाश जारी
पश्चिम रेलवे ने कहा कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत जांच एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं। घटना का जायजा लेने के लिए रेलवे अधिकारी भी रात में बोरीवली स्टेशन पहुंचे. रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.









