
रायपुर, 06 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर खेती-किसानी को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत मिलने वाली प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता से किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है, जिससे खेती की लागत का बोझ कम होने के साथ उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जर्वे निवासी किसान श्री दिलेश कुमार कश्यप भी इस योजना से लाभान्वित किसानों में शामिल हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त प्राप्त होने के बाद उन्होंने खरीफ सीजन की तैयारियां समय पर पूरी कर ली हैं।
श्री कश्यप ने बताया कि योजना के तहत प्राप्त राशि का उपयोग वे खेती-किसानी एवं बाड़ी की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में करते हैं। इस सहायता से वे उन्नत किस्म के बीज, उर्वरक, कीटनाशक तथा अन्य कृषि आदानों की समय पर खरीदी कर पाते हैं। साथ ही बाड़ी में सब्जी उत्पादन के लिए आवश्यक सामग्री की व्यवस्था भी कर लेते हैं। समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध होने से बुवाई एवं फसल प्रबंधन बेहतर ढंग से हो पाता है, जिससे उत्पादन बढ़ने और आय में वृद्धि की उम्मीद रहती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। इससे खेती-किसानी का आर्थिक बोझ कम हुआ है और कृषि कार्य बिना किसी आर्थिक बाधा के समय पर पूरे हो रहे हैं। श्री दिलेश कुमार कश्यप ने किसानों के हित में संचालित इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।









