
इंदौर की राजेंद्र नगर पुलिस ने गुरुवार दोपहर नाना पटवारी को गिरफ्तार कर लिया।
इंदौर पुलिस ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक नाना की गिरफ्तारी ड्रग सप्लाई से जुड़े मामले में हुई है. गुरुवार दोपहर नाना को गिरफ्तार करने के बाद राजेंद्रनगर पुलिस उसे अज्ञात स्थान पर ले गई है।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने अपने कानूनी सलाहकारों से इस मामले पर चर्चा की. कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है और सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है.
पार्टी नेताओं का कहना है कि जीतू पटवारी ने हाल ही में राज्य में ''व्यापक भ्रष्टाचार'' और उज्जैन जमीन खरीद मामले के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की घोषणा की थी. इस संबंध में दबाव बनाने के लिए सरकार ने उनके भाई के खिलाफ कार्रवाई की है.
राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा ने एक्स पर लिखा- ऐसी हरकतें भविष्य में गंभीर हालात पैदा कर सकती हैं. ऐसी परंपरा से बचना चाहिए.

नाना पटवारी के खिलाफ 10 मामले दर्ज
नाना के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था. उस पर करीब सात साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में फरार होने का आरोप था.
2025 में नाना और उनके दो साथियों के खिलाफ इंदौर के तेजाजी नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी. शिकायतकर्ता नरेंद्र मेहता ने आरोप लगाया था कि धोखाधड़ी कर उसकी जमीन हड़पने का प्रयास किया गया. जब उसने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था
नवंबर 2018 में नाना पटवारी के खिलाफ धारा 354 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि नाना क्रुणाल पटवारी, चेतन पटवारी, सुडील चौधरी, गब्बू पटवारी और 40-50 अन्य लोगों के साथ कार और बाइक से उनके घर पहुंचे। फिर वे जबरन अंदर घुस गए. नाना के हाथ में पिस्तौल थी, जबकि बाकियों के हाथ में चाकू और तलवारें थीं। नाना पटवारी ने बुरी नियत से मेरा हाथ पकड़ लिया था।
खुशी सुसाइड केस में भी नाम आया सामने
जुलाई 2018 में इंदौर में 37 साल की खुशी कूलवाल ने आत्महत्या कर ली थी. अक्सर हाई-प्रोफाइल पार्टियों में नजर आने वाली खुशी ने महालक्ष्मी नगर स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली। जांच के दौरान पुलिस ने उसके करीबियों से पूछताछ की. जांच में कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी का नाम भी सामने आया. हालांकि, पूछताछ के बाद उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
यह मामला 2025 में फिर से चर्चा में आया जब पुलिस ने ड्रग कनेक्शन समेत अन्य पहलुओं पर जांच शुरू की। पुलिस जांच कर रही है कि इस मामले का हाई-प्रोफाइल पार्टियों से क्या कनेक्शन है? खुशी कूलवाल किसके संपर्क में थी? आत्महत्या से पहले की परिस्थितियों में विभिन्न लोगों की क्या भूमिका थी?






