
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित आदर्श नगर (पिंटो पार्क) में बच्चों की क्रिकेट बॉल पड़ोसी की छत पर गिरने से शुरू हुआ मामूली विवाद देर रात फायरिंग तक पहुंच गया।
आरोप है कि पड़ोसी अपने एक साथी के साथ घर पर पहुंचा और तमंचे व रायफल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में तीन गोलियां घर के गेट, दीवार और बाहर खड़ी कार में लगीं।
पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
गेंद मांगने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार आदर्श नगर निवासी कृष्ण सिंह गुर्जर सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं। रविवार को उनका बेटा शौर्य और अन्य बच्चे घर की छत पर क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान गेंद पड़ोसी राधेश्याम गुर्जर की छत पर जा लगी।
बच्चों ने गेंद वापस मांगी तो विवाद हो गया। बाद में कृष्णा सिंह के हस्तक्षेप के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था.

फरियादी के घर के बाहर जांच करते पुलिसकर्मी।

चौराहों पर पुलिस की नजर।
रात दो बजे घर पहुंचकर की फायरिंग
पीड़ित का आरोप है कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे राधेश्याम गुर्जर अपने एक साथी के साथ सफेद फ्रोंक्स कार से उनके घर पहुंचा. दोनों घर के बाहर गाली-गलौज करने लगे।
जब कृष्णा सिंह ने घर के अंदर से विरोध किया तो आरोपियों ने हथियार निकाल लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
पीड़ित के मुताबिक करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग की गई. इनमें से तीन गोलियां घर के मुख्य गेट, दीवार और बाहर खड़ी कार में लगीं।
घटना के वक्त घर में मौजूद उनकी बुजुर्ग मां और पत्नी ने खिड़की से पूरी घटना देखी।
आरोपी धमकी देकर भाग गए
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. जाते-जाते उन्होंने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के कुछ सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी सामने आए हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया
गोला का मंदिर थाना पुलिस ने कृष्ण सिंह गुर्जर की शिकायत पर राधेश्याम गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.








