November 13, 2026 10:16 am

BREAKING NEWS

CM ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से संभागीय बैठक के बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए दिए निर्देश

चित्रकूट के विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराएं

माँ शारदा लोक निर्माण में मंदिर निधि और जन सहयोग भी शामिल करें

रीवा। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से CM डॉ मोहन यादव ने संभागीय बैठक के एजेण्डा बिन्दुओं की विभागवार समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए संभागीय बैठकें आयोजित की जा रही हैं। कमिश्नर और कलेक्टर विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की प्रस्तावित कार्ययोजना में जनप्रतिनिधियों के सुझावों को शामिल करें। चित्रकूट क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करें। प्रमुख सचिव चित्रकूट में जाकर जनप्रतिनिधियों के सुझाव के अनुसार कार्ययोजना बनाएं। वर्तमान में जो कार्य स्वीकृत हैं उनको तेजी से पूरा कराएं। कमिश्नर और कलेक्टर सतना चित्रकूट के विकास पर विशेष ध्यान दें। मैहर में माँ शारदा लोक निर्माण में मंदिर निधि और जनसहयोग को भी शामिल करें। संस्कृति विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारी शारदा लोक निर्माण के संबंध में समस्त कार्यवाहियाँ पूरी करके कार्य शुरू कराएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी से सिंगरौली हाईवे के निर्माण कार्य में प्रगति हुई है। लेकिन इसका अधिक तेजी से कार्य कराएं। मैहर शहडोल मार्ग में छोटी महानदी के क्षतिग्रस्त पुल में सुधार कार्य भी प्राथमिकता से कराएं। मऊगंज, रीवा, सीधी और सिंगरौली जिले को सिंचाई सुविधा देने के लिए स्वीकृत सीतापुर-हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना में निर्माण कार्य शुरू करने के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इस परियोजना का विस्तृत डीपीआर तैयार करें। मुख्यमंत्री ने सोन घड़ियाल अभ्यारण्य के डिनोटिफिकेशन के संबंध में कहा कि इसका प्रस्ताव भेजा जा चुका है। पर्यावरण तथा वन विभाग द्वारा इस पर कार्यवाही की जा रही है। मैहर और मऊगंज जिलों में विभागीय मद से संयुक्त जिला कार्यालय के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर शीघ्रता से कार्यवाही करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कमिश्नर रीवा क्षेत्र का भ्रमण करके विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। कलेक्टर सतना चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में निर्धारित भूमिका के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करें। विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में पर्यावरण तथा वन विभाग की स्वीकृति समय पर जारी करें। मुख्यमंत्री ने बगदरा गो वन्य विहार निर्माण, सिंगरौली में सड़क निर्माण तथा सिंचाई परियोजनाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी छात्रावासों का नियमित रूप से निरीक्षण कर विद्यार्थियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सतना जिले में बगदरा घाटी में गौ वन्य विहार निर्माण, महानदी में क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत, सिंगरौली जिले के सरई में बाईपास निर्माण, सीधी-सिंगरौली हाईवे निर्माण एवं सीतापुर-हनुमना सिंचाई परियोजना के संबंध में सुझाव दिए। सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने सोहागी घाटी में सुधार तथा विधायक चित्रकूट श्री सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने चित्रकूट में सड़कों के निर्माण, गेस्टहाउस निर्माण चित्रकूट नगर के विकास की कार्ययोजना तथा पर्यटन विकास के संबंध में सुझाव दिए। सांसद सीधी डॉ राजेश मिश्रा, विधायक सिहावल श्री विश्वामित्र पाठक तथा विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम ने सीधी-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण, सीधी-सिंगरौली हाईवे निर्माण, गोड़ सिंचाई परियोजना तथा देवसर क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री निर्माण का सुझाव दिया। विधायक अमरपाटन डॉ राजेन्द्र सिंह ने जलजीवन मिशन से अमरपाटन तथा रामनगर परिषद एवं औद्योगिक क्षेत्र को पानी की आपूर्ति, रामनगर माइक्रो सिंचाई परियोजना का कार्य पूरा कराने तथा मैहर जिले के कुछ जिला स्तरीय कार्यालय अमरपाटन में स्थापित करने का सुझाव दिया। विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने कलेक्ट्रेट भवन निर्माण के संबंध में सुझाव दिए।

बैठक में कमिश्नर रीवा बीएस जामोद ने संभागीय बैठकों के निर्णयों तथा पालन प्रतिवेदन की विभागवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक आठ संभागीय बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें 58 बिन्दुओं में पारित प्रस्तावों और निर्णयों में से 43 पर आंशिक रूप से कार्यवाही पूरी कर ली गई है। शेष सभी निर्देशों संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही की जा रही है। चितरंगी में कालेज में समाजशास्त्र, गृह विज्ञान और वाणिज्य संकाय की कक्षाएं अगले सत्र से शुरू होंगी। चित्रकूट के विकास के लिए दो कार्ययोजनाएं तैयार कर ली गई हैं। संभागीय निर्णय के परिपालन में रीवा में अनुसूचित जाति और जनजाति के दो छात्रावास किराये के भवनों में शुरू कर दिए गए हैं। इनके भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। सिंगरौली नगर निगम क्षेत्र में सड़क तथा नाली निर्माण के प्रस्ताव खनिज मद से प्रस्तावित कर दिए गए हैं। सीधी से सिंगरौली रेलवे लाइन के भू अर्जन के प्रस्ताव 31 जनवरी तक निराकृत कर दिए जाएंगे। बैठक में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिलों के सांसद, विधायक तथा जिला पंचायत अध्यक्ष शामिल हुए।

कमिश्नर कार्यालय से आईजी एमएएस सिकरवार, सीसीएफ राजेश कुमार राय, डीआईजी एसपी पाण्डेय, अपर कमिश्नर नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक मऊगंज रसना ठाकुर तथा सभी संभागीय अधिकारी शामिल हुए। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवड़े तथा अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!