
जालंधर में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवको की दर्दनाक मौत हो गई। मकसूदां बाईपास हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार टकराई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। भीषण हादसे में कार सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार से आ रही थी। सड़क पर सामान से भरा एक कैंटर ट्रक खड़ा था। कार ने ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसा आज सुबह 6.30 बजे के आस पास हुआ।
SHO डिवीजन 1 SI राकेश कुमार ने बताया, “सड़क पर सामान से भरा एक कैंटर ट्रक खड़ा था। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार, जिसमें तीन लोग सवार थे, पीछे से उससे टकरा गई। टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। कार के पंजीकरण विवरण के आधार पर, पता लम्मे गांव के इलाके का है।
हम अभी वहां संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। कार के मालिक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है और ट्रक चालक मौके से भाग गया। ट्रैफिक बहाल कर दिया गया है और आगे की जांच चल रही है। स्थानीय लोगों और पुलिस को कार में फंसे तीनों युवकों के शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। युवकों का शव कार में बुरी तरह फंस गया था।









