
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में एक दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में दम घुटने से एक शख्स की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, लकड़ी की कटिंग करने वाली एक दुकान में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से पूरे दुकान में फैल गई। दुकान के अंदर दो लोग फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बिजली विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए।
दमकलकर्मी ने थोड़ी देर बाद आग पर काबू पा लिया। टीम ने दुकान के अंदर फंसे अल्तमस और अमन को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें आगे के इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना बिसरख थाना क्षेत्र की है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान से आग की तेज लपटे निकलते दिखाई दे रही है।









