August 18, 2026 11:39 pm

‘बिना हथियारों के भी हम डटकर सामना करेंगे, उनके पास ED या CBI नहीं जाती…’, विनेश फोगाट ने बृजभूषण सिंह पर कसा तंज

Vinesh Phogat on Brij Bhushan Sharan Singh: ओलंपियन और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तीखा हमला बोला है। विनेश ने कहा कि हम बिना किसी हथियार के पूरी ताकत के साथ उनका सामना कर रहे हैं। उन्होंने लड़कियों के साथ जो ज्यादती की है, उसकी सजा उन्हें आज नहीं तो कल जरूर मिलेगी।

विनेश फोगाट ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि वे (बृजभूषण शरण सिंह) इतने सालों से भाजपा के सांसद रहे हैं। उन्होंने बहुत पैसा कमा रखा है। हम और आप आम लोग हैं। हमें इतने पैसे नहीं मिलते। वहां ED या CBI नहीं जाती है क्योंकि वो भाजपा के नेता हैं, उन्हें केंद्र सरकार और यूपी में राज्य सरकार का समर्थन हासिल है। फिर भी बिना हथियारों के भी हम उनका डटकर सामना कर रहे हैं। उनका किला एक दिन पूरे देश के सामने ढहकर रहेगा। लड़कियों पर किए गए अत्याचारों के लिए उन्हें देर-सबेर सजा जरूर मिलेगी।

बृजभूषण के बरी होने पर फूटा विनेश का गुस्सा

इससे पहले उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह को 6 महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों से को बरी किए जाने पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि महिला पहलवान इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देंगी।

स्टार रेसलर विनेश फोगाट ने एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा था, ‘हमें सड़क पर उतरने और सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी। सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृजभूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं। लेकिन कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में बृजभूषण के खिलाफ लड़ाई लड़ती रहीं। हमें इस बात का बहुत दुख है कि अदालत ने बृज भूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना।’

पूरा सिस्टम बचाने में लगा था- विनेश फोगाट

उन्होंने आरोप लगाते हुए आगे लिखा था, ‘शुरू दिन से ही सारा तंत्र, सरकार और ये सिस्टम बृजभूषण को बचाने में लगा हुआ है। महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश दे दिया है और यह जल्द से जल्द की जाएगी। हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।’

खुद के निर्दोष साबित होने का भरोसा था- बृजभूषण 

बृजभूषण शरण सिंह ने अदालत के उनके पक्ष में फैसला सुनाने पर कहा था कि उन्हें शुरू से ही खुद के निर्दोष साबित होने का भरोसा था। उन्होंने कहा, ‘मैंने पहले ही दिन कहा था कि अगर आरोप सही साबित हुए तो मैं खुद फांसी पर लटक जाऊंगा। आज मैं बरी हो गया हूं। यह मेरे और मेरे समर्थकों के लिए अच्छी खबर है।’

क्या है पूरा मामला?

साल 2023 में महिला पहलवानों और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बीच का यह विवाद देश के खेल जगत और राजनीति का सबसे बड़ा मुद्दा बन गया था। कई महिला पहलवानों ने पूर्व WFI प्रमुख पर अपने कार्यकाल के दौरान यौन उत्पीड़न, डराने-धमकाने और पीछा करने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों के खिलाफ और न्याय की मांग को लेकर देश के दिग्गज पहलवानों ने दिल्ली के ⁠जंतर-मंतर पर महीनों लंबा विरोध प्रदर्शन किया था।

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली थी। इसके बाद, जून 2023 में पुलिस ने कोर्ट में लगभग 1500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी, जिसके आधार पर मई 2024 में बृजभूषण सिंह के खिलाफ मामले का ट्रायल शुरू हुआ। हालांकि, अदालत के फैसले के साथ फिलहाल इस मामले की सुनवाई समाप्त हो गई है। 

यह भी पढ़ें: ‘लव जिहाद वालों की अब खैर नहीं…’, महाराष्ट्र में धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के लागू होने पर गदगद होकर बोले महंत सुधीर दास, VIDEO
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!