October 29, 2026 8:21 pm

BREAKING NEWS

नशे से दूरी, वैज्ञानिक सोच जरूरी: विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

रायपुर, 22 सितंबर 2026

नशे से दूरी, वैज्ञानिक सोच जरूरी: विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ गतिविधि के तहत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा के विद्यार्थियों द्वारा ग्राम लोहरा झोरकी में नशामुक्ति एवं अंधविश्वास उन्मूलन पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक का प्रभावी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय, संवाद और संदेशपरक प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों तथा अंधविश्वास से होने वाली सामाजिक हानियों के प्रति जागरूक किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने के साथ-साथ उसके परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को भी प्रभावित करती है। नशे के कारण परिवार में तनाव, आर्थिक कठिनाइयां और सामाजिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों ने अंधविश्वास के स्थान पर तर्क, विवेक और वैज्ञानिक सोच अपनाने का संदेश भी दिया। उन्होंने विभिन्न सामाजिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए अफवाहों और अंधविश्वास पर भरोसा करने के बजाय उचित चिकित्सा, विशेषज्ञ परामर्श और वैज्ञानिक उपायों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। विद्यार्थियों की प्रस्तुति में सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ स्वस्थ एवं प्रगतिशील समाज के निर्माण का संदेश भी प्रभावी ढंग से सामने आया।

नुक्कड़ नाटक की सरल भाषा, प्रभावशाली संवाद और जीवंत अभिनय ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए नशामुक्ति और अंधविश्वास उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जागरूकता फैलाने के प्रयास को उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों से नशामुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई। साथ ही अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों तथा अंधविश्वास से होने वाली हानियों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ-साथ ग्रामीण समुदाय तक महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम प्रदान किया। कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं ग्राम लोहरा झोरकी के ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!