October 20, 2026 12:50 am

BREAKING NEWS

स्वामित्व योजना: धमतरी ने रचा इतिहास, 50 हजार से अधिक परिवारों को मिला अपनी ज़मीन का ‘स्वामित्व अधिकार’ ​’लइका घर’ से संवर रहा ग्रामीण बचपन: कुपोषण पर प्रहार और शिक्षा की मजबूत नींव रायगढ़ के विकास कार्यों में नहीं चलेगी देरी, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरे हों सभी निर्माण कार्य : वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने महाअष्टमी पर माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की बाघों एवं मवेशियों की सुरक्षा हेतु परिधिवर्ती ग्रामों में टीकाकरण

राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर कबीरधाम पहुंची राष्ट्रीय बाइक रैली का भव्य स्वागत

रायपुर, 19 अक्टूबर 2026

 राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर कबीरधाम पहुंची राष्ट्रीय बाइक रैली का भव्य स्वागत

 राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर कबीरधाम पहुंची राष्ट्रीय बाइक रैली का भव्य स्वागत

 राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर कबीरधाम पहुंची राष्ट्रीय बाइक रैली का भव्य स्वागत

राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस रैली के अभिनंदन एवं फ्लैग ऑफ समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में आयोजित समारोह में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया तथा रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।

सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा: उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय चेतना को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक की यात्रा नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अभियान है।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाएं, जीएसटी, आधार, वन नेशन-वन राशन कार्ड और राष्ट्रीय पावर ग्रिड जैसी व्यवस्थाएं देश के विभिन्न हिस्सों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रही हैं। लोकतंत्र में विचारों और राजनीतिक दलों के बीच मतभिन्नता हो सकती है, लेकिन देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सभी की प्रतिबद्धता सर्वाेपरि है। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

देश की सुरक्षा में बलिदान देने वाले वीर जवानों को किया नमन’
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बस्तर में नक्सलवाद के कारण उत्पन्न कठिन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में शांति एवं विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्थायी शांति के साथ शिक्षा, रोजगार और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर ही प्रभावित क्षेत्रों को प्रगति की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने और देश की प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी राष्ट्रीय बाइक रैली
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह देशव्यापी बाइक रैली 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय एकता एवं नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने वाले अभियान का हिस्सा है। देशभर में इस अभियान को उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व के चार प्रमुख जोन में विभाजित किया गया है। विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और केंद्रीय पुलिस संगठनों की सहभागिता से आयोजित यह अभियान 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर में संपन्न होगा।
मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से निकली रैली 16 अक्टूबर को महासमुंद होते हुए रायपुर पहुंची थी। रायपुर में स्वागत एवं सम्मान समारोह के बाद 18 अक्टूबर को  बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंची।

ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का किया अभिनंदन
समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ओडिशा पुलिस बाइक रैली दल के लीडर श्री समर सिंह एवं उनके साथी राइडर्स तथा छत्तीसगढ़ पुलिस बाइक रैली दल के लीडर श्री रविन्द्र गिरी एवं उनके साथियों का स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश देशभर में पहुंचाने के लिए बाइक राइडर्स के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अतिथियों, युवाओं और नागरिकों ने नशामुक्ति के संदेश के साथ सेल्फी लेकर जनजागरूकता अभियान में अपनी सहभागिता व्यक्त की।

उप मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
कार्यक्रम के समापन पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने राष्ट्रीय बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में कबीरधाम पुलिस की टीम भी बाइक राइडर्स के साथ रैली में शामिल हुई। जिला पुलिस के जवानों ने रैली के साथ जिले की सीमा धवईपानी तक यात्रा कर राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश दिया। रैली मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए आगे बढ़ेगी तथा 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी।
समारोह में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ईश्वरी साहू, जनपद उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि श्री गोलू यादव, कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के युवा प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कवर्धा पहुंचने पर पुष्पमाला और तिलक लगाकर किया गया था स्वागत
उल्लेखनीय है कि 18 अक्टूबर को कबीरधाम जिले में प्रवेश करने पर राष्ट्रीय बाइक रैली के ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के राइडर्स का कवर्धा के सिग्नल चौक में पुष्पमाला पहनाकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया था। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षकेे    श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!