पटना। पटना हाईकोर्ट के वरीय न्यायाधीश सुधीर सिंह को उत्तराखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 26 अक्टूबर को हुई बैठक में उनके नाम की अनुशंसा की। न्यायाधीश सुधीर सिंह 15 अप्रैल 2015 को पटना हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए थे।
रांची के स्कूल से प्राप्त की प्रारंभिक शिक्षा
20 अप्रैल 2016 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई थी। न्यायाधीश सुधीर सिंह ने रांची के विकास विद्यालय से स्कूली शिक्षा प्राप्त की।
इसके बाद पटना कॉलेज, पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक और पटना लॉ कॉलेज से विधि की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1991 में अधिवक्ता के रूप में नामांकित होने के बाद उन्होंने पटना हाईकोर्ट में वकालत शुरू की।
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रह चुके हैं पिता
न्यायाधीश सुधीर सिंह का परिवार भी विधिक क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उनके पिता न्यायाधीश एन.पी. सिंह सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के अध्यक्ष रह चुके हैं।









