रायपुर, 18 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन किसानों को धान का उचित मूल्य दिलाने के साथ कृषक उन्नति योजना के माध्यम से अतिरिक्त आर्थिक संबल प्रदान कर रहा है। इसका लाभ कबीरधाम जिले के ग्राम खण्डसरा के किसान श्री भूपेंद्र चंद्राकर के परिवार को भी मिल रहा है। वे अपने पिता श्री केशरी प्रसाद चंद्राकर की ओर से उत्पादित 99.60 क्विंटल धान बेचने उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन और उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्थाओं से धान विक्रय की प्रक्रिया पहले से आसान और सुविधाजनक हुई है।
प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता से किसानों को राहत
किसान श्री चंद्राकर ने कृषक उन्नति योजना को किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए पात्र धान उत्पादक किसानों को सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता दिए जाने का प्रावधान है। योजना की विशेषता यह है कि किसान यदि निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की अधिकतम उपार्जन सीमा से कम धान भी बेचता है, तब भी पात्र सत्यापित रकबे के अनुसार उसे निर्धारित आदान सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि कई बार मौसम और खेती की परिस्थितियों के कारण किसान अपेक्षित उत्पादन नहीं ले पाते। ऐसे में सत्यापित रकबे के आधार पर सहायता मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। इस राशि से खेती की लागत और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
किसान हितैषी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
श्री चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी की सुविधाजनक व्यवस्था और कृषक उन्नति योजना किसानों के लिए लाभकारी है। ऑनलाइन टोकन जैसी सुविधाओं से धान विक्रय आसान हुआ है और आदान सहायता से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने किसानों के हित और सम्मान को प्राथमिकता देने वाली योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। कृषक उन्नति योजना और सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को उपज का उचित मूल्य, विक्रय में सुविधा तथा खेती के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल रही है।









