November 21, 2026 8:18 am

BREAKING NEWS

देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के पावन पर्व पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

रायपुर, 20 नवम्बर 2026

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने पावन देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीहरि विष्णु और माता तुलसी से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की मंगलकामना की है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि देवउठनी एकादशी भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं और इसके साथ ही विवाह सहित विभिन्न मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। यह पर्व जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और शुभ संकल्पों का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि देवउठनी एकादशी के अवसर पर भगवान विष्णु और माता तुलसी की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। तुलसी विवाह की पावन परंपरा हमारी धार्मिक आस्था, पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर प्रतीक है। यह पर्व हमें श्रद्धा, समर्पण, पवित्रता और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह का पर्व विशेष श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाता है। घरों में तुलसी चौरा की सजावट, दीप प्रज्ज्वलन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की परंपरा हमारी समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखती है। यह पर्व परिवार और समाज में प्रेम, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता की भावना को और मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में तुलसी का विशेष धार्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व है। तुलसी पूजन की परंपरा हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और जीवन में पवित्रता एवं सकारात्मकता बनाए रखने का संदेश भी देती है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने भगवान श्रीहरि विष्णु और माता तुलसी से प्रार्थना की कि देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह का यह पावन पर्व प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। सभी के जीवन में मंगल और कल्याण का संचार हो तथा हमारा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!