November 22, 2026 9:15 pm

BREAKING NEWS

गुजरात में भीषण सड़क हादसा, उत्तराखंड के दो सैन्य परिवारों के 7 सदस्यों की दर्दनाक मौत

कच्छ। गुजरात के कच्छ जिले में 21 नवंबर 2026 की रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के दो भारतीय सेना के परिवारों के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में सेना के दो जवान, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।

हादसा भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच धोरडो थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, दोनों सैन्य परिवार धोरडो स्थित व्हाइट रण घूमने के बाद हुंडई ऑरा कार से भुज लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

कच्छ (पश्चिम) के पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चालक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, तभी यह भीषण टक्कर हुई।

पुलिस ने मृतकों की पहचान सेना में सेवारत सौरभ सिंह नेगी (30), राजेश सिंह रावत (35), सविता (30), रिंकी गोसाईं (30), रक्षिता (7), वामिका (4) और तीन माह की मासूम शिविका के रूप में की है।

इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के प्रत्येक परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।

इस हादसे से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही हादसे में दो सैन्य परिवारों के सात सदस्यों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!