November 23, 2026 6:59 pm

महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, समान अधिकार और आर्थिक स्वावलंबन के लिए धामी सरकार ने उठाए महत्वपूर्ण कदम

महिला सशक्तिकरण से राष्ट्र के उत्थान की दिशा में आगे बढ़ रहा उत्तराखण्ड

महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, समान अधिकार और आर्थिक स्वावलंबन के लिए धामी सरकार ने उठाए महत्वपूर्ण कदम

समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखण्ड, महिलाओं के अधिकारों को मिली कानूनी मजबूती

सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, सहकारी प्रबंध समितियों में भी 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था

प्रदेश की 2.65 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूहों को ₹5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा

नंदा गौरा योजना के अंतर्गत अब तक 3.77 लाख से अधिक बालिकाओं को ₹1,168.49 करोड़ की धनराशि जारी

महिला सशक्तिकरण के लिए जेंडर बजट में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि, लगभग ₹20 हजार करोड़ का प्रावधान

लोहाघाट में ₹256 करोड़ की लागत से स्थापित किया जा रहा राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत महिलाओं को 33 प्रतिशत राजनीतिक आरक्षण देने के प्रयासों का मुख्यमंत्री धामी ने किया समर्थन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं एवं नीतिगत निर्णयों पर कार्य कर रही है। प्रदेश में महिलाओं को समान अधिकार देने से लेकर शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, स्वास्थ्य, खेल और राजनीतिक भागीदारी तक अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।

राज्य सरकार का मानना है कि नारी का उत्थान ही समाज और राष्ट्र के उत्थान का आधार है। इसी संकल्प के साथ महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

समान नागरिक संहिता से महिलाओं के अधिकारों को मजबूती

उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। राज्य सरकार के अनुसार इस ऐतिहासिक निर्णय का उद्देश्य महिलाओं को विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और पारिवारिक अधिकारों से जुड़े विषयों में समान कानूनी संरक्षण प्रदान करना है। यूसीसी के माध्यम से बहुविवाह और हलाला जैसी प्रथाओं पर रोक तथा विवाह संबंधी अधिकारों में समानता सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया गया है। इसके साथ ही सहकारी प्रबंध समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सके।

2.65 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

प्रदेश में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

महिला स्वयं सहायता समूहों को ₹5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को ब्रांड के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उद्यमिता में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों को 5 प्रतिशत बोनस की व्यवस्था का भी लाभ दिया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) में महिलाओं की व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन हेतु ₹15.4 करोड़ की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। विभिन्न जनपदों में महिला सम्मान कार्यक्रमों, कार्यशालाओं एवं अन्य गतिविधियों के लिए ₹2.30 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए ड्रोन सखी पहल के अंतर्गत ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

एकल महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ₹1.5 लाख तक अनुदान

मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से एकल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई है। योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ₹1.5 लाख तक अनुदान की व्यवस्था की गई है।

राज्य सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें उद्यमी के रूप में स्थापित करने के लिए आवश्यक अवसर और संसाधन भी प्रदान करना है।

नंदा गौरा योजना से लाखों बेटियों को मिला लाभ

बालिकाओं की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित करने के लिए नंदा गौरा योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत बालिका के जन्म पर ₹11 हजार तथा 12वीं उत्तीर्ण करने पर उच्च शिक्षा के लिए ₹51 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के अंतर्गत 33,251 बालिकाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹145.93 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की गई।

अब तक प्रदेश की कुल 3,77,784 बालिकाओं को इस योजना के अंतर्गत ₹1,168.49 करोड़ की धनराशि जारी की जा चुकी है।

इसके अतिरिक्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह के लिए ₹51 हजार की सहायता प्रदान की जा रही है।

महिला स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान

राज्य सरकार महिलाओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य तथा पोषण को सुनिश्चित करने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 में राज्य की मातृ मृत्यु दर घटकर 91 दर्ज की गई है। वहीं ह्यूमन डेवलपमेंट इंडेक्स बढ़कर 0.722 हुआ है।

मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के माध्यम से प्रसव के बाद महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

खेलों में बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए ₹256 करोड़ का महिला स्पोर्ट्स कॉलेज

प्रदेश की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चम्पावत जनपद के लोहाघाट में ₹256 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है।

इसके माध्यम से प्रदेश की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं मसूरी, देहरादून में राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के भवन अनुरक्षण कार्य हेतु ₹67.42 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।

द्वितीय विश्व युद्ध की वीर वीरांगनाओं की पेंशन में भी वृद्धि की गई है।

महिला सशक्तिकरण के लिए लगभग ₹20 हजार करोड़ का जेंडर बजट

महिलाओं के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्राथमिकता बजटीय प्रावधानों में भी दिखाई देती है। पिछले वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत से अधिक वृद्धि करते हुए इस वर्ष जेंडर बजट के अंतर्गत लगभग ₹20 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है।

इस बजट के माध्यम से महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, रोजगार और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को गति देने का लक्ष्य रखा गया है।

राजनीतिक निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

महिलाओं को नीति-निर्माण और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अधिक प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 के अंतर्गत लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

उत्तराखण्ड विधानसभा के नारी शक्ति वंदन अधिनियम विशेष सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला आरक्षण को शीघ्र प्रभावी बनाने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों का समर्थन किया।

लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परिसीमन के संदर्भ में राज्यों के साथ भेदभाव न किए जाने की बात कही तथा सीटों में वृद्धि के प्रावधान का उल्लेख किया।

महिला सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड की प्रत्येक बेटी को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें तथा प्रत्येक महिला आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके।

महिलाओं को स्वरोजगार, शिक्षा, खेल, प्रशासन और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में अधिक अवसर उपलब्ध कराकर राज्य के समग्र विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

महिला सशक्तिकरण केवल एक योजना या कार्यक्रम नहीं, बल्कि सशक्त समाज और विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!