November 26, 2026 10:15 pm

सिंध के बंटवारे की सुगबुगाहट से सुलगा पाकिस्तान, कराची से हैदराबाद तक उबाल

इस्लामाबाद/कराची: आर्थिक बदहाली और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहे पाकिस्तान के सामने एक बार फिर 1971 जैसे विभाजन का खतरा मंडराने लगा है। देश के चार बड़े प्रांतों को बांटकर 12 से 15 छोटे प्रशासनिक प्रांत बनाने की संघीय सरकार और सैन्य प्रतिष्ठान की संभावित योजना ने सिंध प्रांत में जबरदस्त विद्रोह की चिंगारी भड़का दी है। इस प्रस्ताव के विरोध में हजारों की संख्या में सिंधी राष्ट्रवादी, वकील, छात्र और आम नागरिक कराची की सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों ने न केवल सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, बल्कि पाकिस्तान से अलग एक स्वतंत्र राष्ट्र ‘सिंधुदेश’ (Sindhudesh) की मांग को भी नए सिरे से बुलंद कर दिया है।

सिंध प्रांत की भौगोलिक सीमाओं से किसी भी तरह की छेड़छाड़ के खिलाफ चार प्रमुख सिंधी राष्ट्रवादी दलों के गठबंधन ‘जिए सिंध रहबर कमेटी’ (JSRC) और ‘जिए सिंध मुत्तहिदा महाज’ (JSMM) ने कराची में विशाल विरोध मार्च निकाला। ड्रिग रोड से शुरू होकर मेट्रोपोल तक निकले इस मार्च में पारंपरिक सिंधी टोपी और अजरक पहने हजारों लोगों ने हिस्सा लिया, जिससे शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पंजाब के वर्चस्व वाला सत्ता प्रतिष्ठान और आसिम मुनीर सिंध की राजनीतिक ताकत और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा करने के लिए कराची को सिंध से अलग करने की साजिश रच रहे हैं। संगठन के नेताओं ने सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस योजना को आगे बढ़ाया, तो पूरे पंजाब प्रांत की आर्थिक नाकेबंदी (Economic Blockade) कर दी जाएगी और कराची बंदरगाह से होने वाली सप्लाई रोक दी जाएगी।

इस मुद्दे ने पाकिस्तान की सत्ताधारी गठबंधन सरकार के भीतर भी गहरी दरार पैदा कर दी है। सिंध में शासन कर रही पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी ने भी सरकार और सैन्य नेतृत्व को बेहद सख्त लहजे में चेतावनी दी है। कराची प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में बिलावल ने साफ कहा कि यदि बलपूर्वक या जनमत संग्रह के जरिए सिंध का विभाजन करने की कोशिश की गई, तो समाज बंट जाएगा, आम लोग हथियार उठाने पर मजबूर होंगे और कराची से लेकर हैदराबाद तक सड़कों पर खून-खराबा होगा। दरअसल, पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के हालिया बयानों में देश को 14 से 15 छोटे प्रांतों में बांटने और इस पर जनमत संग्रह कराने के संकेत दिए गए थे, जिसके बाद से पीपीपी और सिंध के स्थानीय दल पूरी तरह आक्रामक हो गए हैं।

कराची का सियासी तापमान उस समय और बढ़ गया जब प्रांत के दूसरे बड़े राजनीतिक दल मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (MQM-P) ने नए प्रांत बनाने के प्रस्ताव का खुलकर समर्थन कर दिया। एमक्यूएम-पी के नेताओं का मानना है कि कराची देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान देता है, इसलिए उसे एक अलग प्रशासनिक प्रांत बनाया जाना चाहिए। अब आगामी 29 नवंबर को एक तरफ सिंधी राष्ट्रवादी संगठनों ने कराची में बड़े मार्च का ऐलान किया है, तो दूसरी तरफ एमक्यूएम-पी ने भी उसी दिन नए प्रांतों के समर्थन में रैली निकालने की घोषणा की है। एक ही दिन दोनों विरोधी गुटों के सड़कों पर उतरने के फैसले से कराची में भीषण हिंसक झड़प और गृहयुद्ध जैसे हालात पैदा होने की आशंका गहरा गई है।

विरोध प्रदर्शनों के बीच गूंज रहे आजादी के नारों ने एक बार फिर ‘सिंधुदेश’ आंदोलन को सुर्खियों में ला दिया है। 1971 में पूर्वी पाकिस्तान के टूटकर बांग्लादेश बनने के ठीक बाद महान सिंधी राष्ट्रवादी नेता जी.एम. सैयद ने सिंधी भाषी लोगों के लिए एक स्वतंत्र और धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र ‘सिंधुदेश’ की अवधारणा पेश की थी। उनका मानना था कि पाकिस्तान में सिंधी संस्कृति, भाषा, पानी और जमीन का लगातार शोषण हो रहा है। आज दशकों बाद, जब इस्लामाबाद में बैठी हुकूमत सिंध को टुकड़ों में बांटने की बात कर रही है, तो जर्मनी में निर्वासित जीवन बिता रहे जेएसएमएम प्रमुख शफी मोहम्मद बुरफत समेत तमाम राष्ट्रवादी नेताओं ने इस अभियान को सीधे आजादी की लड़ाई में बदलने का ऐलान कर दिया है। बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में पहले से जारी अशांति के बीच सिंध का यह विद्रोह फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के लिए सबसे बड़ी रणनीतिक चुनौती बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!