March 11, 2026 2:50 pm

CG: छत्तीसगढ़ का बजट राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

CG: छत्तीसगढ़ का बजट राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

रायपुर ,26 फरवरी 2026

 छत्तीसगढ़ का बजट राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम छत्तीसगढ़ का बजट राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट राज्य के सर्वांगीण और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने विधानसभा में संकल्प-आधारित यह बजट प्रस्तुत करते हुए सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। नीति, न्याय, निवेश, निर्माण और नवाचार के पंचतत्त्वों पर आधारित यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ के विजन डॉक्यूमेंट ‘छत्तीसगढ़ अंजोर-2047’ के लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में ठोस एवं परिणाममुखी कदम माना जा रहा है। इस बजट में जशपुर जिले को भी विशेष प्राथमिकता प्रदान की गई है, जिससे जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलने की अपेक्षा है।

जिले में आधारभूत संरचना, कृषि, सिंचाई, खेल, शिक्षा एवं धार्मिक पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए प्रावधान किए गए हैं। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास को भी बल मिलेगा। सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को गति देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे दूरस्थ अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आवागमन सुगम बनेगा।

कुनकुरी निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री बिनीत जिंदल ने राज्य सरकार के बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच के अनुरूप जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए नए स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव युवाओं के लिए प्रेरणादायक कदम है। इसके साथ ही पंपशाला एनिकट में किसानों के हित में लिफ्ट इरिगेशन योजना से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे कृषकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न सड़कों एवं पुलों के निर्माण से दूरी कम होगी, संपर्क बढ़ेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। धार्मिक पर्यटन, शिक्षा तथा माटी शिल्प कला के संवर्धन हेतु विशेष प्रावधान जिले की सांस्कृतिक एवं आर्थिक उन्नति में सहायक सिद्ध होंगे।

इसी क्रम में युवा श्री राजकुमार ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से जशपुर जिला ही नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

ग्राम बोगी निवासी व्यवसायी श्री घनश्याम यादव ने भी बजट का स्वागत करते हुए कहा कि वे पिछले 10-15 वर्षों से स्थानीय स्तर पर व्यापार कर रहे हैं। इस बजट में आजीविका और निवेश को विशेष प्राथमिकता दिए जाने से छोटे व्यवसायियों को संबल मिलेगा। स्थानीय उद्योग-व्यवसाय को बढ़ावा मिलने से आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026-27 का यह बजट विकास, विश्वास और अवसरों का संतुलित दस्तावेज है, जो ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक व्यापक परिवर्तन की आधारशिला रखता है। जशपुर जिले के लिए किए गए प्रावधान आने वाले समय में शिक्षा, खेल, कृषि, पर्यटन एवं लघु उद्योग के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा जनभावनाओं के अनुरूप तैयार यह बजट छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13379/ 46

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?