Mauganj News :
आईजी गौरव राजपूत बोले – “नशा, साइबर ठगी और महिलाओं पर अपराध के खिलाफ समाज खुद आगे आए”

जड़कुड़, मऊगंज | 12 जुलाई 2025
रीवा ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत द्वारा शुरू किए गए नवाचार “आपके आईजी, आपके द्वार” के तहत शनिवार को मऊगंज ज़िले के दूरस्थ ग्राम जड़कुड़ में भव्य जनचौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि पहली बार इस दुर्गम अंचल में आईजी स्तर के अधिकारी खुद ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनते हुए सुरक्षा व न्याय का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में मऊगंज, हनुमना व आसपास के क्षेत्रों से करीब 2000 से अधिक ग्रामीण जुटे। उपस्थित जनता ने आईजी राजपूत की खुली संवाद शैली और संवेदनशील पहल की जमकर सराहना की।
“नशा समाज को खोखला कर रहा है, सूचना दो – इनाम लो”
आईजी गौरव राजपूत ने मंच से युवाओं और परिजनों को नशे के बढ़ते खतरे से आगाह करते हुए कहा –
“कोरेक्स, फैंसीडिल और इंजेक्शन जैसे मेडिकल नशे गांव-गांव में घातक रूप ले चुके हैं। शरीर नहीं, पूरा परिवार बर्बाद हो जाता है।”
उन्होंने अपील की कि अगर किसी को नशे के कारोबार की जानकारी हो, तो वह मोबाइल नंबर 9479997336 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकता है।
“नाम पूरी तरह गोपनीय रहेगा और सही सूचना देने वालों को इनाम भी मिलेगा।”
साइबर अपराध से बचने के लिए खुद को बनाएं ‘साइबर सतर्क नागरिक’
आईजी ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा –
“ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम डिटेल, पैन नंबर – यह सब आपकी निजी जानकारी है, किसी के साथ साझा न करें।”
उन्होंने बताया कि आजकल फर्जी अधिकारी बनकर, नौकरी दिलाने के नाम पर, वीडियो कॉल या सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी की घटनाएं हो रही हैं।
सभी ग्रामीणों को समझाया गया कि अगर ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत डायल 100 या थाने को सूचना दें।
महिला सुरक्षा पर फोकस – “पुलिस आपकी दोस्त है”
कार्यक्रम में आईजी गौरव राजपूत ने महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए कहा –
“अगर कोई आपको घर, मोहल्ले या कार्यस्थल पर मानसिक या शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है, तो डरें नहीं। पुलिस आपके साथ है।”
उन्होंने कहा,
“यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता” – यानी जहां नारी का सम्मान होता है, वहां ईश्वर का वास होता है।
ब्रह्मकुमारी आश्रम की नशा विरोधी नाटिका ने बटोरे तालियां
कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी आश्रम द्वारा नशे पर लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया।
नाटिका के माध्यम से बताया गया कि कैसे एक नशे की लत पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।
जन समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त शिविर 14 जुलाई को
जनचौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने भूमि विवाद, राशन वितरण, बिजली-पानी जैसी कई समस्याएं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस पर आईजी राजपूत और कलेक्टर मऊगंज द्वारा आश्वस्त किया गया कि
14 जुलाई 2025 को जड़कुड़ में ही राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम कैम्प लगाकर जनसमस्याओं का समाधान करेगी।
उपस्थित अधिकारी और आयोजन व्यवस्था
- कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मऊगंज दिलीप सोनी,
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह,
- एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी,
- स्थानीय जनप्रतिनिधि,
- मीडिया प्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन एएसपी श्री विक्रम सिंह द्वारा कुशलता से किया गया।
अंत में आईजी ने दिलाई शपथ: “नशे से दूर रहें, अपराध को ना कहें”
सभी उपस्थित नागरिकों को आईजी राजपूत ने नशे से दूर रहने और समाज को अपराध मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई।
उन्होंने दोहराया –
“जन सहयोग के बिना अपराधों पर काबू पाना मुश्किल है। लेकिन जब समाज जागरूक हो जाए, तो कोई अपराध सिर नहीं उठा सकता।”








