Mauganj News In Hindi: मऊगंज जिले में प्रशासनिक गतिविधियाँ तेज़, गेहूं पंजीयन से लेकर फाइलेरिया अभियान और जनगणना तैयारी तक बड़े फैसले
मऊगंज। जिले में किसानों, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने एक साथ कई अहम कदम उठाए हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन शुरू हो गया है, वहीं जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तर पर समितियों का गठन कर अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। इसके साथ ही चार आदतन अपराधियों को जिला बदर किया गया है और हनुमना ब्लॉक में फाइलेरिया से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए आज से पंजीयन शुरू
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाती है। इसके लिए किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से 7 मार्च तक किया जाएगा। किसान एमपी किसान ऐप, ई-उपार्जन पोर्टल तथा ई-उपार्जन मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि मऊगंज जिले में प्रस्तावित सभी खरीदी केंद्रों पर पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। केवल पंजीकृत किसानों से ही समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा जाएगा।
पंजीयन स्वयं के मोबाइल, कंप्यूटर, खरीदी केंद्र या ग्राम पंचायत कार्यालय में स्थित सुविधा केंद्रों से नि:शुल्क कराया जा सकता है। इसके अलावा एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और साइबर कैफे में 50 रुपये शुल्क देकर भी पंजीयन कराया जा सकेगा।
कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे पंजीयन के समय आधार से लिंक बैंक खाते की जानकारी जरूर दें ताकि भुगतान सीधे खाते में किया जा सके। साथ ही बोए गए खेत के खसरा नंबर और ऋण पुस्तिका की जानकारी देना आवश्यक होगा।
जिला जनगणना समन्वय समिति गठित
जिले में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति का गठन किया गया है। समिति के संयोजक अपर कलेक्टर होंगे।
समिति में अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, शहरी विकास अभिकरण के सहायक परियोजना अधिकारी तथा जिला जनसंपर्क अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
जनगणना अधिकारियों की नियुक्ति
जनगणना 2027 के दोनों चरणों के लिए जिले में अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। कलेक्टर संजय कुमार जैन प्रमुख जनगणना अधिकारी होंगे, जबकि अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार पाण्डेय को जिला जनगणना अधिकारी और हेमन्त त्रिपाठी को अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी बनाया गया है।
इसके साथ ही अनुविभागीय और ग्रामीण–शहरी क्षेत्रों के लिए चार्ज अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
चार आदतन अपराधी जिला बदर
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय कुमार जैन ने पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर चार आदतन अपराधियों को एक वर्ष के लिए मऊगंज जिले तथा सीमावर्ती रीवा और सीधी जिलों से जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला बदर किए गए व्यक्तियों में सोनू उर्फ अनुज मिश्रा निवासी पहरखा, आशुतोष सिंह उर्फ ईसू सिंह निवासी करह, अखिलेश तिवारी निवासी शिवराजपुर तथा विकटबहादुर सिंह निवासी पथरौड़ाकला शामिल हैं।
हनुमना ब्लॉक में चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान
हनुमना ब्लॉक में फाइलेरिया (हाथीपांव) रोग से बचाव के लिए 10 से 24 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र आबादी को फाइलेरिया रोधी दवाओं की एक खुराक दी जाएगी।
दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा ही दवा का सेवन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 और 13 फरवरी को चिन्हित बूथों पर तथा 14 से 24 फरवरी तक घर-घर जाकर लोगों को दवा दी जाएगी।
9 फरवरी को जिला टास्कफोर्स समिति की बैठक
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 9 फरवरी को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्कफोर्स समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर संजय कुमार जैन करेंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।








