Mauganj News In Hindi :मऊगंज पुलिस की सख्ती से टूटा नेटवर्क

मऊगंज।
नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए मऊगंज पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात नशीले कफ सिरप और गांजा तस्कर आखिरकार पुलिस के दबाव में टूट गया और विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट, रीवा के समक्ष आत्मसमर्पण करने को मजबूर हो गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी मऊगंज के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह तथा एसडीओपी मऊगंज श्रीमती सचि पाठक के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप भारतीय के नेतृत्व में पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
छापेमारी में भारी मात्रा में नशीला सामान बरामद
घटना का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 19 फरवरी 2025 को मुखबिर से अवैध गांजा एवं आनरेक्स कफ सिरप रखे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद थाना मऊगंज पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बहेरी नानकार स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के रिहायशी मकान के बेडरूम से 95 शीशी आनरेक्स कफ सिरप एवं 04 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹58,525 बताई गई है, जब्त किया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी संतोष उर्फ शेट्टी साकेत मौके से फरार हो गया था।
एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ गंभीर अपराध
आरोपी के विरुद्ध थाना मऊगंज में अप.क्र. 109/25 अंतर्गत धारा 8(ए)(सी), 20बी, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट तथा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
इस बीच पुलिस ने आरोपी के भाई सत्येंद्र उर्फ पिंटू साकेत एवं ददोली साकेत को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिससे फरार आरोपी पर दबाव और बढ़ गया।
पुलिस के शिकंजे से घबराकर न्यायालय में किया आत्मसमर्पण
परिजनों की गिरफ्तारी और लगातार बढ़ते पुलिस दबाव के चलते आखिरकार फरार चल रहा कुख्यात तस्कर संतोष उर्फ शेट्टी साकेत ने दिनांक 22 जनवरी 2026 को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट, रीवा के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: संतोष साकेत पिता छोटेलाल उर्फ रघुनाथ साकेत
उम्र: 37 वर्ष
निवासी: ग्राम बहेरी, थाना मऊगंज, जिला मऊगंज (म.प्र.)
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना मऊगंज पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिनमें—
- उपनिरीक्षक संदीप भारतीय
- उपनिरीक्षक ज्ञानेन्द्र पटेल
- आरक्षक 98 सुरेश यादव
- आरक्षक 45 प्रमोद पटेल
- आरक्षक 57 संजीव सिंह
- आरक्षक 110 देवप्रताप सिंह
शामिल हैं।
नशे के कारोबार पर मऊगंज पुलिस की सख्ती जारी
मऊगंज पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।








