April 18, 2025 7:09 am

Mauganj लोक सेवा केंद्र बना ‘लूट सेवा केंद्र’, पैसे दो तो काम, वरना चक्कर लगाते रहो

Mauganj लोक सेवा केंद्र, जिसे नागरिकों को समय पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थापित किया गया था, अब लूट और भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। मऊगंज के लोक सेवा केंद्र पर लोगों से निर्धारित शुल्क से अधिक वसूला जा रहा है, और जो पैसा नहीं देता, उसे बार-बार चक्कर लगवाया जाता है। यहां तक कि नागरिकों को जरूरी दस्तावेजों के लिए महीनों इंतजार करना पड़ रहा है।

पैसे दो तो तुरंत काम, वरना लंबा इंतजार

केंद्र पर सबसे बड़ी समस्या यह है कि जो लोग कर्मचारियों को अतिरिक्त पैसा देते हैं, उनका काम तुरंत हो जाता है। लेकिन जो निर्धारित शुल्क के अलावा अतिरिक्त राशि देने से इनकार करते हैं, उन्हें कई दिनों तक चक्कर काटना पड़ता है।

नाम न छापने की शर्त पर शहर के एक निवासी ने बताया, “मैंने अपनी जमीन की नकल के लिए आवेदन किया था। मुझसे 300 रुपये मांगे गए, जबकि सरकारी शुल्क सिर्फ 25 या 50 रुपये है। पैसे देने से मना किया तो मुझे बार-बार वापस भेज दिया गया। अब कई दिन हो गए, लेकिन नकल अभी तक नहीं मिली।”

एसएससी की टिकट भी बन रही मुसीबत

लोक सेवा केंद्र पर एसएससी की रसीदी टिकट के लिए भी अव्यवस्था है। केंद्र के कर्मचारी लोगों को बाहर से टिकट मंगाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इन टिकटों की आपूर्ति के लिए बाहर के लोगों से मिलीभगत की बात सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि यह सब पहले से तय होता है, ताकि दलालों को फायदा पहुंचाया जा सके।

रसीद नहीं दी जाती, पारदर्शिता गायब

केंद्र पर सेवाओं के बदले पैसे लिए जाते हैं, लेकिन किसी को रसीद नहीं दी जाती। इससे पारदर्शिता पूरी तरह गायब है। नागरिकों को यह भी समझ नहीं आता कि उनके काम के लिए जो पैसा लिया जा रहा है, वह सरकारी शुल्क है या निजी लूट।

महीनों तक अटके रहते हैं आवेदन

केंद्र पर नकल पाने के लिए लोग महीनों तक इंतजार कर रहे हैं। लोगों को बार बार चक्कर लगाने के बाद भी प्रमाण पत्र नहीं मिलता। हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर टाल दिया जाता है।”

प्रशासन की चुप्पी से बढ़ा हौसला

लोक सेवा केंद्र की इस मनमानी पर प्रशासन अब तक चुप्पी साधे हुए है। नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे केंद्र के कर्मचारियों के हौसले बुलंद हैं, और वे खुलेआम भ्रष्टाचार कर रहे हैं।

जांच की मांग उठी

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा, “मऊगंज का लोक सेवा केंद्र भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है। यहां लोगों से लूट की जा रही है और सरकारी सेवाओं को व्यापार बना दिया गया है। जिला प्रशासन को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।”

 

नागरिकों की उम्मीदें प्रशासन से

मऊगंज के लोग अब प्रशासन से सख्त कदम उठाने की उम्मीद कर रहे हैं। उनका कहना है कि लोक सेवा केंद्र को अपनी मूल भूमिका में लाने के लिए यह जरूरी है कि भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसा जाए।

क्या कहता है पेट्रोल न्यूज़ ?

“लोक सेवा केंद्र को सचमुच ‘सेवा’ केंद्र बनाने के लिए जनता की आवाज सुनी जाए और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!