March 10, 2026 7:55 pm

Mauganj:शिक्षक का अशोभनीय डांस वायरल, महिला डांसर को उड़ाए पैसे — कलेक्टर ने किया निलंबित

Mauganj News In Hindi:
पेट्रोल न्यूज़ संवाददाता, मऊगंज

मऊगंज |  मऊगंज में एक शिक्षक द्वारा मंच पर महिला डांसर के साथ अशोभनीय नृत्य और नोट उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पहाड़ी में पदस्थ जन शिक्षक (सीएसी) जगन्नाथ साकेत का एक वीडियो बीते दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वे एक कार्यक्रम के दौरान खुले मंच पर अश्लील डांस करते और महिला डांसर को नोट उड़ाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद शासन-प्रशासन की छवि को लेकर उठे सवालों के चलते अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हनुमना से जांच कराई गई। जांच में वीडियो को प्राथमिक रूप से सत्य पाए जाने पर कलेक्टर संजय कुमार जैन ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शिक्षक का यह आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9 के अंतर्गत दण्डनीय है, क्योंकि यह शिक्षक के चरित्र एवं गरिमा के प्रतिकूल है। इस अमर्यादित कृत्य ने शासन की छवि को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।

निलंबन के साथ किया गया मुख्यालय परिवर्तन
जगन्नाथ साकेत का मुख्यालय अब जनपद शिक्षा केंद्र, हनुमना नियत किया गया है। निलंबन अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करेंगे।

यह मामला शिक्षा जगत में चर्चा का विषय बन गया है।

प्रशासन ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि शासकीय पदों पर बैठे व्यक्तियों से अनुशासन और गरिमा की अपेक्षा है, और इस प्रकार के आचरण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पेट्रोल न्यूज़ | संवाददाता – मऊगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13379/ 46

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?