March 10, 2026 1:09 pm

Mauganj-गैंगवॉर में गई युवक की जान: मऊगंज में नशा कारोबारियों के बीच खूनी संघर्ष, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन

Mauganj News In Hindi:

मऊगंज। मऊगंज जिले में अवैध नशा कारोबार अब खून-खराबे में तब्दील होता जा रहा है। बीते 20 मई की रात करीब 1 बजे लौर थाना क्षेत्र के ग्राम पताई में दो गुटों के बीच हुई गैंगवॉर में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की बीती रात मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज पटेल (26) पिता शिवदयाल पटेल, निवासी ग्राम भगतपुरा थाना लौर के रूप में हुई है। परिजन मंगलवार सुबह शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

मारपीट के बाद बिगड़ी हालत, नागपुर ले जाते वक्त मौत

20 मई की रात नशा कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई में चार लोगों ने मनोज पटेल पर जानलेवा हमला किया था। सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं थीं। घायल अवस्था में उसे पहले रीवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर संजय गांधी अस्पताल और फिर नागपुर रेफर किया गया। नागपुर ले जाते समय मैहर के पास मनोज की मौत हो गई।

थाना घेराव, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

मंगलवार सुबह जैसे ही मनोज का शव गांव पहुंचा, परिजन शव को लेकर सीधे लौर थाना पहुंच गए। गुस्साए परिजनों ने थाना परिसर में धरना शुरू कर दिया और आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि हमले में चार लोग शामिल थे, लेकिन एफआईआर में सिर्फ एक आरोपी का नाम शामिल किया गया है। चश्मदीद गवाहों के मुताबिक चारों ने मिलकर बेरहमी से पीटा था, जिससे मनोज की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसकी जान चली गई।

नशे के अवैध धंधे की बलि चढ़ा गरीब युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार, मऊगंज जिले में बीते कई वर्षों से नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री खुलेआम हो रही है। शराब, कफ सिरप और गांजा जैसे नशे के व्यापार पर कई बार शिकायतें भी हुई हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई। अब यह काला कारोबार इतना हिंसक हो गया है कि सीधे जान लेने पर उतर आया है। मनोज पटेल इसी गैंगवॉर की भेंट चढ़ गया। गांव के लोगों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों पर हत्या की धाराएं लगाकर गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, वे शव को थाने के बाहर से नहीं हटाएंगे।

पुलिस ने क्या कहा?

घटना के बाद पुलिस मौके पर मौजूद है और प्रदर्शन कर रहे परिजनों से लगातार बातचीत की जा रही है। मऊगंज पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है, जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर उचित कार्यवाही की जाएंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13379/ 46

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?