November 15, 2026 4:20 am

MP में पहली बार एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी, 166 देशों में होगा लाइव प्रसारण

भोपाल
राजधानी भोपाल अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। पहली बार शहर में एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होने जा रहा है। 19 से 28 नवंबर तक बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशिया की 6 देशों की महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

प्रतियोगिता में करीब 150 अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आयोजन की तैयारियों और प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी शेयर की।

सीएम मोहन यादव करेंगे प्रतियोगिता का उद्घाटन
मंत्री विश्वास सारंग के मुताबिक 19 नवंबर को भव्य समारोह के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे। टूर्नामेंट में भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। इन 6 देशों की महिला खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

एक दिन में तीन डे नाइट मुकाबले
प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों को फ्लड लाइट की रोशनी में डे नाइट मुकाबले देखने का मौका मिलेगा। प्रतिदिन 3 मैच आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में करीब 5 हजार सीटों की व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए एशियन हॉकी फेडरेशन और हॉकी इंडिया का सहयोग मिल रहा है।

सविता पुनिया को विश्राम, युवाओं पर दारोमदार
चयन समिति ने इस बार सबसे बड़ा फैसला पूर्व कप्तान और स्टार गोलकीपर सविता पुनिया को लेकर किया है, जिन्हें इस प्रतियोगिता के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। एशियन गेम्स के फाइनल में चीन के खिलाफ पेनल्टी स्ट्रोक रोककर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाली सविता की गैरमौजूदगी में गोलकीपिंग का जिम्मा युवा बंसारी सोलंकी और बिचू देवी खारिबाम के कंधों पर रहेगा।

खिताबी हैट्रिक और चौथे खिताब का लक्ष्य
भारतीय टीम इस बार अपने घरेलू मैदान पर खिताब की रक्षा करने उतरेगी। भारत ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी जीती है। टीम के पास लगातार तीसरी बार (हैट्रिक) और कुल मिलाकर चौथी बार चैंपियन बनने का सुनहरा अवसर है।

छह देशों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता राउंड-रॉबिन आधार पर होगी, जहां सभी टीमें एक-दूसरे से एक-एक मैच खेलेंगी। लीग चरण के अंत में शीर्ष चार पायदान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।

मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने का नया प्रयोग
भारतीय टीम के मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने ने टीम चयन और रणनीति पर बात करते हुए स्पष्ट किया कि यह टूर्नामेंट नए चेहरों को परखने का बेहतरीन मंच है। उन्होंने कहा कि आगामी बड़ी चुनौतियों को देखते हुए कुछ खिलाड़ियों को उनकी नियमित पोजीशन से अलग भूमिकाओं में आजमाया जाएगा, जिससे बेंच स्ट्रेंथ मजबूत हो सके। कोच ने घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच वर्ष का समापन खिताबी जीत के साथ करने का भरोसा जताया।

19 नवंबर को मलेशिया से पहला मुकाबला
टूर्नामेंट का आगाज 19 नवंबर को चीन और थाईलैंड के मैच से होगा। इसी दिन भव्य उद्घाटन समारोह के बाद मेजबान भारत अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ करेगा।

प्रदेशभर में पहुंचेगी चैंपियंस ट्रॉफी
सरकार इस प्रतियोगिता को केवल भोपाल तक सीमित नहीं रखना चाहती। इसके लिए ट्रॉफी को मध्य प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचाया जाएगा। स्कूल,कॉलेज के विद्यार्थियों और युवाओं को भी आयोजन से जोड़ने की योजना है। इसका उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना और नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

MP में 27 हॉकी फीडर सेंटर और 22 एस्ट्रोटर्फ
मंत्री सारंग ने बताया कि एमपी में हॉकी की प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित हैं। इसके अलावा 22 हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं जबकि 7 नए एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जारी है।

महिला खिलाड़ियों ने जीते 177 पदक
महिला हॉकी के क्षेत्र में एमपी की बेटियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 36 पदक और राष्ट्रीय स्तर पर 141 पदक जीते हैं। वहीं जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

अंतरराष्ट्रीय खेल केंद्र के रूप में बनेगी भोपाल की पहचान
सरकार का लक्ष्य इस प्रतियोगिता के जरिए एमपी को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान दिलाना है। भोपाल में होने वाला ये आयोजन महिला हॉकी खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के साथ प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को भी अंतरराष्ट्रीय खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा। सरकार को उम्मीद है कि इस आयोजन से प्रदेश में हॉकी की लोकप्रियता और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

भारतीय टीम का लीग शेड्यूल

    19 नवंबर: भारत बनाम मलेशिया
    21 नवंबर: भारत बनाम दक्षिण कोरिया
    22 नवंबर: भारत बनाम थाईलैंड
    24 नवंबर: भारत बनाम चीन
    25 नवंबर: भारत बनाम जापान
    नॉकआउट चरण: 27 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल और 28 नवंबर को तीसरे स्थान का मैच व खिताबी फाइनल खेला जाएगा।

टूर्नामेंट के लिए भारतीय स्क्वॉड

    गोलकीपर: बंसारी सोलंकी, बिचू देवी खारिबाम।
    डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू लाथनथलुआंगी, पूजा साहू।
    मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), रुतुजा दादासो पिसाल, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका।
    फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी, मुमताज खान।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!