MP News :
ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सुधार का उठाया सामूहिक जिम्मा
रीवा | पेट्रोल न्यूज ब्यूरो | मनोज सिंह
रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम उठाते हुए जिला मुख्यालयों के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सप्ताह में एक दिन स्वेच्छा से “Tuesday – Bicycle Day” मनाने का निर्देश जारी किया है। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी बल्कि ईंधन की बचत और स्वास्थ्य सुधार जैसे अहम उद्देश्यों को भी साधेगी।
कमिश्नर जामोद ने इस संदर्भ में रीवा के जिला कलेक्टर सहित सभी विभागीय क्षेत्रीय अधिकारियों को लिखित निर्देश भेजते हुए कहा कि –
“ईंधन की बढ़ती कीमतें, पर्यावरणीय संकट और नागरिकों के बिगड़ते स्वास्थ्य की स्थिति अब सिर्फ बहस का विषय नहीं, बल्कि एक चेतावनी है। हमें अब तत्काल और सामूहिक स्तर पर ठोस पहल करनी होगी।”
क्या होगा “Tuesday – Bicycle Day”?
- प्रत्येक मंगलवार को सभी शासकीय अधिकारी व कर्मचारी साइकिल से कार्यालय आएंगे।
- कोई भी शासकीय या निजी पेट्रोल/डीजल वाहन उस दिन उपयोग में नहीं लाया जाएगा।
- महिला अधिकारी/कर्मचारी ई-स्कूटी या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर सकेंगी।
- यदि किसी क्षेत्र में निरीक्षण हेतु जाना हो, तो 2-3 अधिकारी मिलकर पूल वाहन से यात्रा कर सकते हैं।
मुख्य उद्देश्य क्या हैं?
- ईंधन की बचत – बढ़ती महंगाई में सरकारी व्यय पर नियंत्रण।
- पर्यावरण का संरक्षण – ध्वनि और वायु प्रदूषण में कमी।
- निजी स्वास्थ्य लाभ – नियमित साइकलिंग से फिटनेस में सुधार।
कमिश्नर जामोद ने यह भी स्पष्ट किया कि यह पहल पूरी तरह स्वैच्छिक है, लेकिन यदि अधिकारी और कर्मचारी इसे ईमानदारी से अपनाएं, तो यह एक आंदोलन का रूप ले सकती है और जनता के लिए एक प्रेरणा बन सकती है।
जनभागीदारी की उम्मीद
रीवा संभाग में शुरू हुई यह पहल यदि सफल रही, तो जल्द ही इसे प्रदेश भर में रोल मॉडल के तौर पर अपनाया जा सकता है।









