MP News :
मऊगंज। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संगठन की जिला इकाई मऊगंज ने आज 11 नवंबर को मुख्यमंत्री के नाम एक स्मरण पत्र कलेक्टर मऊगंज को सौंपा। यह ज्ञापन संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष शलभ भदौरिया के निर्देशन में सौंपा गया। इस अवसर पर जिलेभर से बड़ी संख्या में पत्रकार साथी एकत्रित हुए और एक भव्य रैली के रूप में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे।

जिलाध्यक्ष आलोक शर्मा के नेतृत्व में दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को मुरैना महाधिवेशन में दिए गए आश्वासनों की याद दिलाई। उल्लेखनीय है कि मुरैना अधिवेशन के दौरान श्रमजीवी पत्रकार संगठन ने मुख्यमंत्री के समक्ष 21 सूत्री मांगें रखी थीं, जिन पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी उन मांगों पर कोई ठोस निर्देश जारी नहीं हुए हैं।
इसी संदर्भ में आज पूरे प्रदेश की तरह मऊगंज जिले में भी पत्रकारों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री के नाम स्मरण पत्र सौंपा। संगठन ने मुख्यमंत्री से पत्रकार सुरक्षा कानून (Journalist Safety Act), आवासीय सुविधा, स्वास्थ्य बीमा योजना, मान्यता संबंधी सुधार, और स्थानीय पत्रकारों की समस्याओं के समाधान सहित अन्य मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की है।

इस कार्यक्रम की अगुवाई मऊगंज जिलाध्यक्ष आलोक शर्मा ने की। उनके साथ महासचिव विजय कुमार जायसवाल, सचिव अभय मिश्रा, टी. एन. मिश्रा, विपिन पांडे, सुखवंत मिश्रा, नसीम खान, गुलाम भाई, दीपक पांडे, गुरु पांडे, विद्या चरण, आशीष शुक्ला, रियाज खान और मनोज पांडे सहित संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे।
ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर अमल नहीं किया, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगा।









