MP News In Hindi :
पुलिस अधीक्षक, मऊगंज के निर्देशन और एसडीओपी मऊगंज के मार्गदर्शन में, मऊगंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन रिंग टोन” के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है। इस अभियान का उद्देश्य गुम हुए या चोरी गए मोबाइल फोनों को तकनीकी सहायता से ट्रेस कर उनके असली मालिकों को वापस करना है।




आज, दिनांक 06.12.2025 को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक कार्यक्रम में, 37 गुमशुदा/खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग ₹6,50,000 (छह लाख पचास हजार रुपये) है।
CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) और तकनीकी सर्विलांस की मदद से विभिन्न जिलों और राज्यों से मोबाइलों को ट्रेस किया गया।

मोबाइल वापस पाकर मालिकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने मऊगंज पुलिस के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर कहा कि, “ऑपरेशन रिंग टोन हमारी नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग का एक हिस्सा है। हम समझते हैं कि मोबाइल फोन केवल एक डिवाइस नहीं है, बल्कि उसमें नागरिकों की व्यक्तिगत और व्यावसायिक जानकारी होती है। इन मोबाइलों को वापस लौटाना नागरिकों के प्रति हमारे कर्तव्य और विश्वास बहाली को मजबूत करता है। हमारी तकनीकी टीम इस दिशा में लगातार कार्य करती रहेगी।”
मऊगंज पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि, मोबाइल खोने या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर उसकी सूचना दें, ताकि पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई कर सके।








