MP: रीवा जिला न्यायालय 29 सितंबर से नए भवन में होगा शिफ्ट, 6 अक्टूबर से शुरू होगी पूरी कार्यवाही
रीवा। रीवा का जिला न्यायालय अब आधुनिकता और भव्यता से सजे अपने नए भवन में शिफ्ट होने जा रहा है। अधिवक्ता संघ ने जानकारी दी है कि 29 सितंबर से नए भवन में औपचारिक कार्य शुरू हो जाएगा, जबकि 6 अक्टूबर से न्यायिक कार्यवाही पूरी तरह से यहीं से संचालित होगी।
इस नए न्यायालय भवन का लोकार्पण 4 मई को हुआ था। इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीशों के साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहे। अब पुराने भवन से सभी रिकॉर्ड और जरूरी सामग्री नए भवन में स्थानांतरित कर दी गई है।
करीब 95.93 करोड़ की लागत से बने इस न्यायिक परिसर में तीन प्रमुख ब्लॉक तैयार किए गए हैं। इनमें अधिवक्ताओं के लिए 294 चैंबर, 36 बैठक हाल, पक्षकारों के लिए विश्राम व्यवस्था, वाहन पार्किंग और कैंटीन जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
इसके अलावा सर्विस बिल्डिंग में बैंक, एटीएम, पोस्ट ऑफिस और मेडिकल सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। यह न केवल अधिवक्ताओं बल्कि आम नागरिकों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगी।
न्यायिक कार्यवाही की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए इस भवन का डिजाइन आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। लंबे समय से अधिवक्ता और आम लोग जिस सुविधा की उम्मीद कर रहे थे, वह अब साकार होती दिखाई दे रही है।
अधिवक्ताओं का मानना है कि नए परिसर में कामकाज बेहतर ढंग से होगा और न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता व गति दोनों बढ़ेंगी।









