MP:मऊगंज में ब्रह्माकुमारीज का आध्यात्मिक कवि सम्मेलन व होलिकोत्सव, कवियों ने दिया प्रेम-शांति का संदेश
मऊगंज। जिला मऊगंज में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आध्यात्मिकता, प्रेम और सद्भावना का संदेश देने के उद्देश्य से आध्यात्मिक कवि सम्मेलन एवं होलिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।


कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी दीदी पूर्णिमा एवं बहन खुशबू ने उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक जीवन के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह मन की बुराइयों को त्यागकर प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश फैलाने का पर्व है। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मचिंतन और परमात्म चिंतन की आवश्यकता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
आयोजन के अंतर्गत आयोजित आध्यात्मिक कवि सम्मेलन का संयोजन एवं मंच संचालन सुरेश भाई (शंकरगढ़) ने किया। इस अवसर पर देश के विभिन्न शहरों से आए प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से आध्यात्मिकता, प्रेम, सद्भाव और सामाजिक मूल्यों का संदेश दिया।
कवि सम्मेलन में केशरी प्रसाद नंदन (हनुमना), आलोक कपिनाथ ऋतुराज (कोरांव), गंगा त्रिपाठी ‘मासूम’ (प्रयागराज), आचार्य आलोक बैरागी (प्रतापगढ़), हरिवंश शुक्ल ‘शौर्य’ (प्रतापगढ़), पूनम मिश्रा ‘वैदेही’ (अयोध्या), सुनीता चतुर्वेदी (आजमगढ़), हास्य कवि ठाकुर इलाहाबादी (प्रयागराज) तथा प्रमोद मोदक (मऊगंज) ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अधिकारी महेश पटेल, सब इंजीनियर अविनाश सिंह, अंजली सिंह, पत्रकार संपादक आलोक शर्मा, पत्रकार विद्या चरण शुक्ला, प्रदुमन शुक्ला तथा यातायात प्रभारी नरेश प्रताप सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी रामरतन मिश्रा, अभिषेक भाई, अरुणा तिवारी, आशा पटेल, संतोष मिश्रा, सुनीता पटेल, रोशनी बहन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। साथ ही आदर्श शिशु हायर सेकेंडरी स्कूल मऊगंज के डायरेक्टर आई.बी.पी. पटेल, प्राचार्य दिग्विजय सिंह एवं समस्त शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में सभी कवियों को गमछा, परमात्मा स्मृति चिन्ह तथा मानव जीवन का वास्तविक लक्ष्य दर्शाने वाला लक्ष्मी-नारायण का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समापन के अवसर पर उपस्थित लोगों ने समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव फैलाने का संकल्प लिया।
अंत में फूलों की होली खेलकर कार्यक्रम का समापन किया गया और सभी को आध्यात्मिक होली की शुभकामनाएं दी गईं।








